नेपाल हिंसा का असर भारत सीमा तक, महाराजगंज बॉर्डर पर हाई अलर्ट; दूल्हे की बारात फंसी
महाराजगंज। उत्तरप्रदेश के पड़ोसी देश नेपाल में भड़की हिंसा का असर अब भारत-नेपाल सीमा पर भी साफ दिखाई देने लगा है। यूपी के महाराजगंज जिले में सोनौली बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सीमा सुरक्षा बलों ने चौकसी बढ़ा दी है और हर आने-जाने वाले पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। नेपाल में हालात बिगड़ने के कारण आम लोगों के साथ-साथ शादी-ब्याह जैसे निजी कार्यक्रम भी प्रभावित हो रहे हैं।
दूल्हे की बारात फंसी, पैदल बॉर्डर पार करनी पड़ी
नेपाल निवासी शहनवाज की आज शादी थी। लेकिन नेपाल में भड़की हिंसा और सख्त सुरक्षा व्यवस्था के कारण उनकी बारात पर ग्रहण लग गया। शहनवाज का कहना है कि हालात इतने खराब हैं कि उन्हें अपने भाई और कुछ रिश्तेदारों के साथ पैदल ही इंडो-नेपाल बॉर्डर तक पहुंचना पड़ा। वहां से वह नौतनवा (महाराजगंज) की ओर जाने के लिए बाइक से रवाना हुए। दूल्हे के सपने थे कि शादी धूमधाम से होगी, रिश्तेदारों और दोस्तों की बड़ी भीड़ साथ होगी, लेकिन हिंसा और तनाव की वजह से उनकी बारात बेहद सीमित दायरे में सिमट गई। दूल्हा बने शहनवाज ने कहा “मैंने अपनी शादी के लिए बहुत सपने देखे थे। लेकिन हालात ऐसे हो गए कि केवल कुछ लोग ही मेरे साथ आ पाए। यह किसी ने सोचा नहीं था कि मेरी शादी ऐसे हालात में होगी।
सोशल मीडिया बैन के बाद नेपाल में भड़की हिंसा
दरअसल, नेपाल सरकार ने हाल ही में 26 सोशल मीडिया एप्स पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बाद से देशभर में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया और हिंसा भड़क उठी। हालात इतने बिगड़े कि भारत-नेपाल सीमा से लगे रूपनदेही जिले के बेलहिया भंसार कार्यालय को बंद कर दिया गया। भारत से नेपाल जाने वाले वाहनों पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसका असर पर्यटन पर भी पड़ा है। नेपाल घूमने के लिए दूर-दूर से आए पर्यटक सोनौली बॉर्डर पर लौटने को मजबूर हो गए।
सोनौली बॉर्डर पर बवाल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महाराजगंज जिले के सोनौली बॉर्डर पर भी तनाव फैल गया। हजारों की संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और बैरिकेडिंग तोड़ते हुए हंगामा कर दिया। हालात को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों को अतिरिक्त तैनाती करनी पड़ी।
नेपाल की राजनीति में भूचाल
हिंसा और अराजकता के बीच नेपाल की राजनीति भी संकट में घिर गई है। प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया है और उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। इसके तुरंत बाद नेपाल के राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने भी पद छोड़ दिया। राजधानी काठमांडू समेत कई शहरों में स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट
नेपाल में बढ़ते तनाव को देखते हुए भारत ने अपनी सीमा पर अलर्ट घोषित कर दिया है। महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बहराइच और बलरामपुर जैसे जिले नेपाल से सीमा साझा करते हैं। यहां सीमा सुरक्षा बल और स्थानीय प्रशासन ने चौकसी बढ़ा दी है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है। फिलहाल हालात पर करीबी नजर रखी जा रही है। कुल मिलाकर, नेपाल में हिंसा और राजनीतिक अस्थिरता ने भारत-नेपाल सीमा पर भी हालात तनावपूर्ण बना दिए हैं। शादी जैसे व्यक्तिगत अवसर भी प्रभावित हो रहे हैं, जिससे आम जनता के लिए कठिनाई बढ़ गई है। ((प्रकाश कुमार पांडेय)





