भारत में इलेक्ट्रिक वाहन क्रांति की दिशा में मंगलवार को एक ऐतिहासिक कदम देखने को मिला, जब अमेरिकी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता टेस्ला ने मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में अपने पहले एक्सपीरियंस सेंटर का उद्घाटन किया। यह शोरूम मेकर मैक्सिटी मॉल में स्थित है, जो मुंबई के सबसे हाई-एंड और कॉर्पोरेट ज़ोन में गिना जाता है। उद्घाटन कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। इस मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। यह कदम भारत के तीसरे सबसे बड़े ऑटोमोबाइल बाज़ार में टेस्ला की लंबे समय से प्रतीक्षित एंट्री को दर्शाता है।
- भारत में खुला टेस्ला का पहला शोरूम
- जानें आखिर क्या हैं टेस्ला कार के शुरुआती दाम
- टेस्ला की भारत में आधिकारिक एंट्री
- BKC में पहला एक्सपीरियंस सेंटर लॉन्च
- टेस्ला ने किया मॉडल वाई इलेक्ट्रिक वाहन लॉन्च
- आधिकारिक तौर पर किया भारतीय बाजार में प्रवेश
भारत में मॉडल Y की लॉन्चिंग: कीमत 60 लाख से शुरू
रियर-व्हील ड्राइव मॉडल Y – ₹60 लाख
लॉन्ग-रेंज रियर-व्हील ड्राइव – ₹68 लाख
टेस्ला ने भारत में अपने पहले उत्पाद के रूप में Model Y को पेश किया है, जो दुनियाभर में कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली SUV है। भारत में यह दो वेरिएंट्स में उपलब्ध होगी। टेस्ला ने अपनी वेबसाइट पर ये कीमतें प्रकाशित की हैं। इन कीमतों में भारत में उच्च आयात शुल्क और टैक्स शामिल हैं, जिसके कारण ये अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों की तुलना में अधिक हैं।
अमेरिका में Model Y की कीमत लगभग ₹38.6 लाख (44,990 डॉलर)
चीन में ₹30.5 लाख (263,500 युआन)
जर्मनी में ₹46 लाख (45,970 यूरो)
यह अंतर दर्शाता है कि भारत में EV की कीमतें नीतिगत और लॉजिस्टिक कारणों से अभी भी अपेक्षाकृत अधिक हैं।
महाराष्ट्र सरकार की EV नीति से टेस्ला को समर्थन
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस ने टेस्ला के भारत में प्रवेश पर खुशी जताई और इसे महाराष्ट्र की प्रगतिशील ईवी नीति की सफलता बताया। उन्होंने कहा कि राज्य न केवल टेस्ला के शोरूम और बिक्री नेटवर्क को सपोर्ट करेगा, बल्कि टेस्ला के चार्जिंग स्टेशन, सर्विसिंग हब और भविष्य के मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी के लिए भी मंच तैयार कर रहा है। टेस्ला महाराष्ट्र में शुरुआत में चार हाई-स्पीड चार्जिंग स्टेशन लगाएगी और एक मजबूत लॉजिस्टिक सपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा करने की योजना बना रही है। सीएम फडणवीस ने कहा कि जब टेस्ला भारत में निर्माण के लिए तैयार होगी, तब महाराष्ट्र उनके लिए सबसे उपयुक्त राज्य होगा।
आयात शुल्क और नई ईवी नीति: कैसे आसान हुआ टेस्ला का रास्ता
टेस्ला के भारत में प्रवेश को वर्षों से उच्च आयात शुल्क रोकते आए थे। CEO एलन मस्क ने कई बार सार्वजनिक मंचों पर भारत में कमर्शियल एंट्री के लिए इस चुनौती को रेखांकित किया था। लेकिन 2024 में भारत सरकार ने नई इलेक्ट्रिक व्हीकल नीति का एलान किया। जिसके तहत वैश्विक ईवी निर्माताओं को सीमित अवधि के लिए आयात शुल्क में छूट दी गई। इसके साथ ही भारत में निर्माण शुरू करने पर प्रोत्साहन योजनाएं भी शामिल की गईं। यह नीति सीधे तौर पर टेस्ला जैसे ब्रांड के लिए रास्ता खोलने का उद्देश्य रखती है।
पीएम मोदी से भी की थी मस्क ने चर्चा
इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एलन मस्क के बीच इस वर्ष अप्रैल में हुई टेलीफोन बातचीत में भी इस दिशा में गंभीर चर्चा हुई। इससे पहले फरवरी 2025 में अमेरिका दौरे के दौरान भी दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी।
भारत में EV सेगमेंट की तस्वीर बदलेगी टेस्ला?
टेस्ला की एंट्री को भारत में EV सेक्टर के लिए गेम-चेंजर माना जा रहा है। जहां एक ओर टाटा, महिंद्रा, MG, BYD जैसी कंपनियां पहले से घरेलू EV बाजार में मौजूद हैं, वहीं टेस्ला का प्रवेश टेक्नोलॉजी, ब्रांड वैल्यू और चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर को नया आयाम देगा। हालांकि, टेस्ला की गाड़ियां प्रीमियम सेगमेंट में आती हैं। जिनकी कीमत आम भारतीय उपभोक्ताओं के लिए अभी काफी अधिक है, लेकिन इसका असर EV अपनाने के माहौल और नीतिगत मजबूती पर अवश्य पड़ेगा। विशेषज्ञ मानते हैं कि अगर टेस्ला आने वाले वर्षों में भारत में स्थानीय रूप से मैन्युफैक्चरिंग शुरू करती है, तो कीमतें काफी कम हो सकती हैं और यह EV क्रांति को बड़े स्तर पर फैलाने में सहायक होगी।
भारत में टेस्ला की शुरुआत सिर्फ एक नया शोरूम खोलने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ईवी बाजार में वैश्विक कंपनियों के बढ़ते विश्वास और भारत की सशक्त नीतियों का संकेत है। मॉडल Y की लॉन्चिंग से जहां टेस्ला ने प्रीमियम ग्राहकों को लक्ष्य किया है, वहीं आगे यह कदम मैन्युफैक्चरिंग, चार्जिंग नेटवर्क और ग्रीन मोबिलिटी की दिशा में बड़ा योगदान दे सकता है। भारत की सड़कों पर अब टेस्ला दौड़ेगी – यह दृश्य न केवल पर्यावरण के लिए बेहतर है, बल्कि भारत को वैश्विक ईवी हब बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम भी है। प्रकाश कुमार पांडेय