उत्तर भारत से लेकर उत्तर-पश्चिमी राज्यों तक तापमान सामान्य से काफी नीचे….इन तीन राज्यों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट…

Temperatures in North India and North Western states are well below normal

मौसम अपडेट | 13 जनवरी 2026

नई दिल्ली। देश के बड़े हिस्से में कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे का कहर जारी है। उत्तर भारत से लेकर उत्तर-पश्चिमी राज्यों तक तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। इसी बीच मौसम विभाग ने राहत की बजाय चिंता बढ़ाने वाली चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के तीन राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ सकती है। कई इलाकों में लोगों को सतर्क रहने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है। खासतौर पर सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा रहेगा। दिल्ली सहित कई राज्यों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। कुल 17 जिलों में भीषण शीतलहर को लेकर चेतावनी दी गई है।

इन तीन राज्यों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

इन इलाकों में बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो सकता है और पहाड़ी रास्तों पर फिसलन बढ़ने की संभावना है।

दिल्ली में और गिरेगा पारा

राजधानी दिल्ली में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान गिरकर 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सुबह के समय 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने का अनुमान है। घना कोहरा दृश्यता को प्रभावित कर सकता है, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ सकता है।

आज प्रमुख शहरों का तापमान (13 जनवरी)

उत्तर प्रदेश में शीतलहर का असर

उत्तर प्रदेश में आज यानी 13 जनवरी को कई जिलों में भीषण शीतलहर चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक देवरिया, प्रयागराज, अयोध्या, कानपुर, लखनऊ, रायबरेली, आजमगढ़, मैनपुरी, आगरा, मथुरा, टुंडला, मुजफ्फरनगर और गौतमबुद्ध नगर में ठंडी हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। सुबह के समय 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। यात्रियों को वाहन धीरे चलाने और कोहरे में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी

राजस्थान में सर्दी ने रिकॉर्ड तोड़ असर दिखाया है। कई जिलों में तापमान जमाव बिंदु के करीब या उससे नीचे चला गया है। बीती रात सीकर फतेहपुर में  कड़ाके की ठंड के बीच शून्य से नीचे 0.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा लूणकरणसर में 0.4, चूरू में 1.3, श्रीगंगानगर में 1.4, करौली और पिलानी में 1.5, सीकर में 2.0, नागौर में 2.4, जैसलमेर में 2.5, दौसा में 2.6 और सिरोही में 3.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में शीतलहर का दौर अभी जारी रहेगा।

पंजाब-हरियाणा में पाला पड़ने की आशंका

पंजाब और हरियाणा में भी ठंड ने लोगों को कंपा दिया है। हरियाणा के गुरुग्राम और पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर के साथ पाला पड़ने की भी संभावना है।

दिल्ली-NCR में कब मिलेगी राहत

दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं। सफदरजंग मौसम केंद्र में तीन साल में सबसे कम 3.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बुधवार तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है, इसके बाद एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में मामूली बढ़ोतरी संभव है।

Exit mobile version