बिहार में महागठबंधन का सीएम चेहरा तय? कन्हैया कुमार ने तेजस्वी को बताया अगला मुख्यमंत्री, कांग्रेस का बदला रुख
बिहार विधानसभा चुनावों से पहले महागठबंधन के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने साफ कर दिया है कि महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव ही मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। कन्हैया कुमार से पहले बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अखिलेश सिंह भी तेजस्वी को सीएम चेहरा घोषित कर चुके हैं।
दरअसल, बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों में मुख्य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच होना तय माना जा रहा है। ऐसे में यह सवाल लगातार उठ रहा था कि महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा। हालांकि आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव पहले ही कई सार्वजनिक मंचों से तेजस्वी यादव को सीएम पद का उम्मीदवार घोषित कर चुके हैं, लेकिन कांग्रेस की ओर से इस पर पहले सहमति नहीं जताई गई थी।
कांग्रेस की तरफ से लगातार यह कहा जाता रहा है कि मुख्यमंत्री चेहरे पर अंतिम फैसला पार्टी के शीर्ष नेता लेंगे। ऐसे में अब कन्हैया कुमार का यह बयान महागठबंधन में स्थिति को साफ करता दिख रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव ही मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे।
यह भी स्पष्ट है कि आरजेडी महागठबंधन की सबसे बड़ी और मजबूत पार्टी है, जिसकी बिहार में गहरी जमीनी पकड़ है। इसी वजह से आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अपने बेटे तेजस्वी को पहले ही मुख्यमंत्री पद का दावेदार घोषित कर चुके हैं। हालांकि अब तक किसी दल ने तेजस्वी यादव को औपचारिक रूप से सीएम फेस घोषित नहीं किया है, लेकिन कन्हैया कुमार के बयान से संकेत मिलते हैं कि यह घोषणा जल्द हो सकती है।
प्रकाश कुमार पांडेय