राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने हाल ही में एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से अनुष्का यादव के साथ अपने 12 साल पुराने रिश्ते का खुलासा किया, जिससे बिहार की राजनीति में हलचल मच गई।
कौन हैं अनुष्का यादव?
अनुष्का यादव पटना के लंगरटोली क्षेत्र की निवासी हैं। उनके पिता का नाम मनोज यादव है। अनुष्का, आरजेडी की छात्र शाखा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आकाश यादव की बहन हैं। आकाश यादव को तेज प्रताप ने ही छात्र इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया था, लेकिन बाद में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने उन्हें पद से हटा दिया था। इस फैसले के खिलाफ तेज प्रताप ने खुलकर विरोध जताया था, जिससे पार्टी में आंतरिक कलह की स्थिति उत्पन्न हुई थी
सोशल मीडिया पोस्ट और विवाद
24 मई 2025 को तेज प्रताप यादव ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने लिखा
“मैं तेज प्रताप यादव और मेरे साथ इस तस्वीर में जो दिख रही हैं, उनका नाम अनुष्का यादव है। हम दोनों पिछले 12 सालों से एक-दूसरे को जानते हैं और प्यार भी करते हैं।”
इस पोस्ट के साथ एक तस्वीर भी साझा की गई थी, जिसमें तेज प्रताप और अनुष्का साथ नजर आ रहे थे। हालांकि, कुछ समय बाद तेज प्रताप ने दावा किया कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिया गया था और यह पोस्ट उन्होंने नहीं किया था। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा
“मेरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को हैक एवं मेरे तस्वीरों को गलत तरीके से एडिट कर मुझे और मेरे परिवार वालों को परेशान और बदनाम किया जा रहा है।
पार्टी और परिवार से निष्कासन
तेज प्रताप के इस खुलासे के बाद, 25 मई 2025 को लालू प्रसाद यादव ने उन्हें आरजेडी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया और साथ ही परिवार से भी बेदखल कर दिया। लालू यादव ने इस कदम को पार्टी की नैतिक छवि की रक्षा के लिए आवश्यक बताया
प्रकाश कुमार पांडेय