सेवा-संकल्प अभियान से मोदी के 25 साल की उपलब्धियां जनता तक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का ‘सेवा-संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक की और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की यात्रा केवल सत्ता की नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा है. गुजरात के मुख्यमंत्री से देश के प्रधानमंत्री तक उन्होंने जनसेवा को अपना ध्येय बनाया.
अभियान के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों और केंद्र तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाया जाएगा. मुख्यमंत्री ने अभियान को जनभागीदारी और जनसंवाद का माध्यम बनाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश ऐसा मॉडल प्रस्तुत करे, जो देश में सुशासन, सेवा और जनसहभागिता की मिसाल बने. मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में तिथिवार कार्ययोजना तैयार करने और विकास पुस्तिकाएं जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए. अभियान के दौरान प्रत्येक शुक्रवार को विशेष जनकल्याण और जनसंवाद कार्यक्रम होंगे.
17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर उज्जैन के महाकाल महालोक में बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे. वहीं प्रधानमंत्री से जुड़ी महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं वाले स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित होंगे.
अभियान में होंगे 13 प्रमुख कार्यक्रम
सेवा-संकल्प अभियान के तहत 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इनमें आशीर्वाद का दीया, 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, वड़नगर से वाराणसी, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार, रंगोली राष्ट्र, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और जनसेवक महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट तक शामिल हैं. मुख्यमंत्री ने जन-विश्वास अभियान की गतिविधियों को भी सेवा-संकल्प अभियान में शामिल करने के निर्देश दिए. बैठक में कई मंत्री, राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.