टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 18वें मुकाबले में गुरुवार को गत चैंपियन भारत का सामना नामीबिया से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होना है। इस अहम मैच से ठीक पहले भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन अभ्यास के दौरान चोटिल हो गए हैं, जिससे टीम संयोजन पर असर पड़ सकता है। नेट्स में बल्लेबाजी करते समय ईशान किशन को तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की एक खतरनाक यॉर्कर सीधे पैर के अंगूठे पर लग गई। गेंद लगते ही ईशान दर्द से मैदान पर गिर पड़े। फिलहाल उनकी चोट को लेकर टीम मैनेजमेंट की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ईशान की चोट से पहले ही टीम इंडिया को एक और झटका लगा था। विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा पेट में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती हैं और नामीबिया के खिलाफ उनके खेलने की संभावना बेहद कम बताई जा रही है। ऐसे में अभिषेक की जगह संजू सैमसन को पारी की शुरुआत करते हुए देखा जा सकता है। अगर ईशान किशन भी मैच के लिए फिट नहीं हो पाते हैं, तो भारत के पास सीमित विकल्प बचेंगे। ऐसी स्थिति में तिलक वर्मा या सूर्यकुमार यादव को ऊपर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। भारत ने अपने पहले मुकाबले में मुंबई में यूएसए को 29 रन से हराकर शानदार शुरुआत की थी। टीम इंडिया अब 12 फरवरी को नामीबिया, 15 फरवरी को पाकिस्तान और 18 फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ अपना अंतिम लीग मैच खेलेगी।




