खेलों में MP रचेगा इतिहास… देश में पहली बार फ्लोटिंग स्टेज से यूथ गेम्स का होगा भव्य आगाज…सीएम इस दिन करेंगे शुभारंभ

Khelo MP Youth Games

खेलों में MP रचेगा इतिहास… देश में पहली बार फ्लोटिंग स्टेज से यूथ गेम्स का होगा भव्य आगाज…सीएम इस दिन करेंगे शुभारंभ

4K वॉटर प्रोजेक्शन होगा आकर्षण का केंद्र

Khelo MP Youth Games: देश भर में 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाई जाएगी। इस दिन कई कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। मप्र की राजधानी भोपाल में भी 12 से 31 जनवरी तक खेलो MP यूथ गेम्स- 2026 का योजन किया जाएगा. राज्य के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव स्वयं भोपाल की बड़ी झील पर देश में पहली बार फ्लोटिंग स्टेज से खेलो एमपी यूथ गेम्स का उद्धाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में मैस्कॉट, एंथम के साथ ही लोगो और जर्सी का भी औपचारिक लोकार्पण किया जाएगा। बता दें 4K वॉटर प्रोजेक्शन दर्शकों के लिए सबसे खास आकर्षण रहेगा।

खेलों में एमपी रचेगा इतिहास
फ्लोटिंग स्टेज से यूथ गेम्स का आगाज
सीएम डॉ.मोहन यादव करेंगे शुभारंभ
4K वॉटर प्रोजेक्शन होगा आकर्षण का केंद्र

स्वामी विवेकानंद की जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस के पावन अवसर पर 12 जनवरी 2026 को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल एक ऐतिहासिक खेल आयोजन की साक्षी बनेगी। इस दिन खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 का भव्य आगाज किया जाएगा। राज्यस्तरीय इस खेल महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शाम 6 बजे भोपाल के बड़े तालाब पर करेंगे। खास बात यह है कि यह आयोजन देश में पहली बार फ्लोटिंग स्टेज से किया जाएगा, जो इसे ऐतिहासिक और अनूठा बनाता है। इस कार्यक्रम का आयोजन शहर के बोट क्लब स्थित वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी परिसर में किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव खेलो एमपी यूथ गेम्स के मैस्कॉट, एंथम, लोगो और आधिकारिक जर्सी का औपचारिक रूप से लोकार्पण करेंगे। आयोजन को यादगार और भव्य बनाने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है।

देश में पहली बार किसी राज्य स्तरीय खेल आयोजन में 4K वॉटर प्रोजेक्शन तकनीक का उपयोग किया जाएगा। इस तकनीक के माध्यम से पानी की सतह पर भव्य दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे दर्शकों को पूरी तरह इमर्सिव और सिनेमाई अनुभव मिलेगा। आयोजन से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, यह अनुभव अब तक किसी भी राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में देखने को नहीं मिला है।

उद्घाटन समारोह में हाई क्वालिटी डिस्प्ले, टॉर्च लाइटिंग के माध्यम से भव्य फायर वर्क और करीब 20 फीट ऊंची ‘लार्जर दैन लाइफ’ जर्सी आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगी। इन विशेष प्रस्तुतियों के जरिए युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और गर्व की भावना को और अधिक मजबूत किया जाएगा।

खेल एवं युवक कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे। खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 की प्रतियोगिताएं कुल चार चरणों में आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से युवा खिलाड़ी भाग लेंगे। इस महाकुंभ में कुल 28 विभिन्न खेलों को शामिल किया गया है।

ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं 12 से 16 जनवरी 2026 तक आयोजित होंगी। इसके बाद जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 16 से 20 जनवरी 2026 तक होंगी। तीसरे चरण में संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं 21 से 25 जनवरी 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी। वहीं, राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 28 से 31 जनवरी 2026 तक होंगी। इन खेलों का समापन 31 जनवरी को किया जाएगा।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर देना और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। खेलो एमपी यूथ गेम्स में इस बार पारंपरिक और लोकप्रिय खेलों को विशेष महत्व दिया गया है। पहली बार पिट्टू और रस्साकशी जैसे पारंपरिक खेलों को प्रतियोगिता में शामिल किया गया है। इसके साथ ही क्रिकेट और थ्रो बॉल जैसे लोकप्रिय खेल भी युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देंगे। प्रदेश सरकार का मानना है कि इस तरह के आयोजन युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाएंगे। खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 न केवल एक खेल प्रतियोगिता है, बल्कि यह मध्यप्रदेश के युवाओं के सपनों और उनकी संभावनाओं को नई उड़ान देने का मंच भी है। (प्रकाश कुमार पांडेय)

Exit mobile version