सुनीता विलियम्स की हुई घर वापसी ,फ्लोरिडा के तट पर हुई सफल लैंडिंग
सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विल्मोर 9 महीने से अधिक समय तक अंतरिक्ष में रहने के बाद आज 19 मार्च, 2025 को स्पेसएक्स के ड्रैगन अंतरिक्ष यान के जरिए इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (आइएसएस) से पृथ्वी पर सकुशल वापस लौट आए।
नासा ने सुनीता को लाने के लिए SpaceX के ड्रैगन क्रू कैप्सूल को चुना। यह कैप्सूल अपने बनने के बाद से अब तक 49 बार लॉन्च हो चुका है। इस कैप्सूल ने 44 बार इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन की यात्रा की है और 29 बार रीफ्लाइट हुई है। इन अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी की प्रक्रिया 18 मार्च, 2025 को शुरू हुई थी और वे आज मध्यरात्रि के बाद सफलतापूर्वक पृथ्वी पर समुद्र में लैंडिंग (स्प्लैशडाउन) कर गए। उनका इतने दीर्घकाल तक अंतरिक्ष में फँसे रहने के दौरान ऐसी स्थिति भी आई जब उनके जीवित लौटने की उम्मीद बहुत कम हो गई थी। इनकी पृथ्वी पर सकुशल वापसी मानव-जाति के लिए ऐतिहासिक है।
बुच विल्मोर नौ महीने बाद धरती पर वापस
अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर नौ महीने बाद धरती पर वापस लौट आए हैं। फ्लोरिडा के तट पर उनकी सफल लैंडिंग हुई है। दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर स्पेसएक्स क्रू-9 वापस धरती पर आ गया। खास बात ये है कि इस मिशन में नासा के साथ एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स का भी उल्लेखनीय सहयोग रहा। सुनीता विलियम्स की सकुशल वापसी के लिए भारत में परिजनों ने यज्ञ-हवन और प्रार्थना की। गुजरात में अखंड ज्योति जलाई गई। फ्लोरिडा में स्पेसएक्स के ड्रैगन कैप्सूल से लौटे चारों अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षित वापसी की नासा ने पुष्टि की। इसे वैज्ञानिक भाषा में सफल स्प्लैशडाउन बताया गया। नासा ने अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी के बाद आधिकारिक बयान में कहा, सभी अंतरिक्ष यात्री सुरक्षित धरती पर लौट चुके हैं। नासा ने कहा कि सभी यात्रियों की तबीयत ठीक है। उन्हें निगरानी में रखा जाएगा। समुद्र से बाहर निकाले जाने की प्रक्रिया का जिक्र करते हुए नासा ने कहा, कोस्ट गार्ड की टीम ने शानदार काम किया। सफल वापसी के बाद स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क ने भी बधाई दी। मस्क ने कहा कि स्पेसएक्स और नासा की टीमों ने एक और सुरक्षित अंतरिक्ष यात्री वापसी कराने में सफलता पाई है। इसके लिए बधाई। उन्होंने इस मिशन को प्राथमिकता देने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को धन्यवाद भी दिया।
प्रकाश कुमार पांडेय