रांची में छात्र आंदोलन को मिला राष्ट्रीय समर्थन, CJP नेता करेंगे मुलाकात

Student protest in Ranchi

 

झारखंड की राजधानी रांची में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जारी छात्र आंदोलन अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। आंदोलन के 14वें दिन देश के विभिन्न संगठनों का समर्थन छात्रों को मिलने लगा है। इसी कड़ी में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने बारिश में धरने पर बैठे छात्रों के लिए रेनकोट भेजे हैं। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व शुक्रवार को रांची पहुंचकर आंदोलनकारी छात्रों से मुलाकात करेगा और उनके आंदोलन के प्रति समर्थन जताएगा।

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे इस धरने में छह छात्र भूख हड़ताल पर हैं। 25 जुलाई से शुरू हुआ यह आंदोलन अब झारखंड के हाल के वर्षों के सबसे बड़े छात्र आंदोलनों में शामिल हो चुका है। प्रदर्शनकारी 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा को रद्द करने, पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने और मामले की जांच सीबीआई अथवा राज्य के बाहर के सेवानिवृत्त हाईकोर्ट जजों की समिति से कराने की मांग कर रहे हैं।

गुरुवार देर रात प्रशासन और छात्र प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई, लेकिन बातचीत किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी। प्रशासन केवल छात्र प्रतिनिधियों से बातचीत चाहता है, जबकि आंदोलनकारी अपने 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पर अड़े हुए हैं, जिसमें एक पत्रकार और एक वकील को भी शामिल करने की मांग की जा रही है। हालांकि प्रशासन ने सकारात्मक संकेत दिए हैं और उम्मीद है कि आज दोपहर दोनों पक्षों के बीच फिर से बातचीत हो सकती है।

इस आंदोलन की गूंज झारखंड विधानसभा तक पहुंच चुकी है। विपक्षी दलों ने विधानसभा में मास्क पहनकर विरोध प्रदर्शन किया और भर्ती घोटाले की सीबीआई जांच की मांग दोहराई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी कहा है कि सरकार बातचीत के जरिए समाधान निकालने के लिए तैयार है।

वहीं भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो की तबीयत बिगड़ने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने उनसे फोन पर बात कर स्वास्थ्य का ध्यान रखने और पानी पीने की अपील की। दूसरी ओर, मामले की जांच कर रही सीआईडी अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। ऐसे में आज प्रस्तावित सरकार-छात्र वार्ता और CJP नेताओं की रांची यात्रा पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

Exit mobile version