शेयर बाजार में गिरावट: अमेरिकी टैरिफ का दबाव, सेंसेक्स 300 अंक लुढ़का

शेयर बाजार में गिरावट: अमेरिकी टैरिफ का दबाव, सेंसेक्स 300 अंक लुढ़का

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारतीय निर्यात पर अतिरिक्त 25% टैरिफ लगाने के ऐलान के बाद भारतीय शेयर बाजार दबाव में आ गया। शुक्रवार को सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन सेंसेक्स 300 से ज्यादा अंक टूटकर 80,305 के स्तर पर और निफ्टी 83 अंक गिरकर 24,512 पर आ गया। निवेशकों ने वीकेंड से पहले मुनाफावसूली को तरजीह दी।

आईटी और बैंकिंग शेयरों में बिकवाली
आज शुरुआती कारोबार में आईटी और फाइनेंशियल सर्विस सेक्टर में भारी बिकवाली देखी गई। निफ्टी बैंक 124 अंक गिरकर 55,396 पर और निफ्टी मिडकैप 226 अंक टूटकर 56,712 पर पहुंच गया। स्मॉलकैप इंडेक्स भी 62 अंक फिसलकर 17,629 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में भारती एयरटेल, इंफोसिस, बीईएल, इटरनल और एक्सिस बैंक सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर रहे, जबकि टाइटन, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट और बजाज फिनसर्व टॉप गेनर्स में शामिल रहे।

अमेरिकी टैरिफ ने बढ़ाया बाजार का दबाव
गुरुवार को ट्रंप ने भारतीय निर्यात पर अतिरिक्त 25% टैरिफ लगाने का ऐलान किया, जिससे कुल टैरिफ 50% हो गया। साथ ही उन्होंने कहा कि जब तक सभी विवादित मुद्दों का हल नहीं होता, तब तक भारत के साथ ट्रेड टॉक्स नहीं होंगे। इस बयान के बाद से वैश्विक बाजारों में गिरावट का रुख देखने को मिला और भारतीय बाजार भी इससे अछूता नहीं रहा।

एक्सपर्ट की राय
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिकी टैरिफ और ट्रेड टॉक्स रुकने से शॉर्ट टर्म में बाजार दबाव में रह सकता है। हालांकि, लॉन्ग टर्म निवेशकों के लिए यह गिरावट खरीदारी का अवसर बन सकती है। फिलहाल निवेशकों को ग्लोबल घटनाक्रमों पर पैनी नजर रखने की सलाह दी जा रही है।

 

 

 

Exit mobile version