Share Market news : शेयर बाजार में बढ़त, सेंसेक्स-निफ्टी ने पकड़ी रफ्तार

अमेरिकी मुद्रास्फीति के आंकड़ों के बाद फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद ने भारतीय शेयर बाजार में जोश भर दिया। 13 अगस्त को बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई। खबर लिखते समय तक BSE सेंसेक्स 0.22% यानी 179 अंक चढ़कर 80,414 पर था, जबकि NIFTY 50 इंडेक्स 0.29% यानी 70 अंक बढ़कर 24,557 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, BSE स्मॉलकैप में 0.65% और BSE मिडकैप में 0.64% की बढ़त देखने को मिली।

सेक्टोरियल इंडेक्स में तेजी
खबर लिखते समय तक निफ्टी ऑटो, मीडिया, मेटल, फार्मा और पीएसयू बैंक जैसे प्रमुख सेक्टर हरे निशान में थे। निफ्टी मेटल 1.57% और निफ्टी रियल्टी 0.76% की तेजी के साथ टॉप गेनर्स सेक्टर्स में शामिल रहे। अन्य सूचकांकों में 0.10% से 0.40% के बीच मामूली उतार-चढ़ाव देखा गया।

टॉप गेनर्स और लूजर्स
निफ्टी में Apollo Hospitals, Hindalco और Tata Motors शीर्ष बढ़त वाले शेयर रहे। दूसरी ओर, मारुति सुजुकी, टेक महिंद्रा और एक्सिस बैंक में मामूली गिरावट दर्ज की गई। मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ और अमेरिका-भारत के तनावपूर्ण संबंध निवेशकों की भावनाओं पर असर डाल सकते हैं।

एशियाई बाजार भी हरे निशान में
भारतीय बाजार की तरह एशियाई बाजारों में भी मजबूती रही। जापान का निक्केई 2.46% बढ़कर नई ऊंचाई पर पहुंच गया। चीन का शंघाई कंपोजिट 0.44% और शेन्ज़ेन कंपोजिट 1.34% चढ़ा। हांगकांग का हैंगसैंग इंडेक्स 1.81% और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.63% ऊपर रहा। अमेरिकी बाजारों में भी मजबूती दिखी, डाउ जोन्स 1.11%, एसएंडपी 500 1.13% और नैस्डैक कंपोजिट 1.39% बढ़ा।

पे-टीएम, सुजलॉन और आरवीएनएल के शेयर में हलचल
Paytm का शेयर 3.55% यानी 39.80 अंक बढ़कर 1,159.80 रुपये पर पहुंच गया। वहीं, Suzlon Energy 3.01% गिरकर 61.23 रुपये और Rail Vikas Nigam Ltd (RVNL) 2.06% गिरकर 322.65 रुपये पर आ गया।

 

 

 

Exit mobile version