बिजली उपभोक्ताओं की चौखट तक पहुंचा समाधान, 5969 शिविरों में 2.66 लाख शिकायतें निपटीं
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत ‘संपर्क अभियान 2026’ को बड़ी सफलता
भोपाल/ग्वालियर। मध्यप्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए चलाया जा रहा ‘संपर्क अभियान 2026’ अब बड़े जनसंपर्क अभियान के रूप में सामने आया है। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के उद्देश्यों की पूर्ति की दिशा में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत भोपाल और ग्वालियर रीजन के 16 जिलों में अब तक 5,969 विशेष शिविर लगाए जा चुके हैं। इन शिविरों में 2 लाख 66 हजार 294 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया है।
14 मई से शुरू हुए अभियान का उद्देश्य बिजली उपभोक्ताओं को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए विद्युत कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और उनके घर के नजदीक ही सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कंपनी के अनुसार, शिविरों के माध्यम से विद्युत सेवाओं में पारदर्शिता, सुगमता और उपभोक्ता संतुष्टि को बढ़ावा दिया जा रहा है।
भोपाल रीजन में 3000 से ज्यादा शिविर, हजारों शिकायतें हल
भोपाल रीजन के विभिन्न वृत्तों में अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया गया। शहर वृत्त भोपाल में 440 शिविरों के जरिए 26,656 शिकायतों का निराकरण हुआ। बैतूल ओएंडएम में 529 शिविरों में 35,180 शिकायतें, जबकि भोपाल ओएंडएम में 303 शिविरों में 11,934 शिकायतों का समाधान किया गया।
इसी तरह हरदा में 160 शिविरों में 20,350, नर्मदापुरम में 400 शिविरों में 30,659, रायसेन में 301 शिविरों में 18,755 और राजगढ़ में 433 शिविरों में 6,538 शिकायतों का निराकरण किया गया। सीहोर में 384 शिविरों के माध्यम से 8,921 और विदिशा में 255 शिविरों में 13,419 शिकायतें मौके पर निपटाई गईं।
ग्वालियर रीजन में भी हजारों उपभोक्ताओं को राहत
ग्वालियर रीजन में भी ‘संपर्क अभियान’ के तहत उपभोक्ताओं की शिकायतों को प्राथमिकता के साथ निपटाया गया। शहर वृत्त ग्वालियर में 353 शिविरों में 8,598 शिकायतों का समाधान हुआ। अशोकनगर में 176 शिविरों में 19,524 और भिंड ओएंडएम में 337 शिविरों में 6,770 शिकायतें निपटाई गईं।
दतिया ओएंडएम में 208 शिविरों में 8,879, गुना में 304 शिविरों में 10,671, ग्वालियर ओएंडएम में 296 शिविरों में 5,028, मुरैना में 467 शिविरों में 19,813 शिकायतों का निराकरण हुआ। इसके अलावा श्योपुर ओएंडएम में 224 शिविरों में 5,886 और शिवपुरी में 399 शिविरों के माध्यम से 8,713 शिकायतों का समाधान किया गया।
बिजली बिल से मीटर तक, मौके पर मिल रहा समाधान
अभियान के शिविरों में उपभोक्ताओं की रोजमर्रा की बिजली संबंधी समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। त्रुटिपूर्ण बिजली बिल, मीटर रीडिंग और बिलिंग संबंधी शिकायतों का मौके पर निराकरण किया गया। इसके साथ ही ग्रामीण घरेलू और कृषि पंप के नवीन कनेक्शन मात्र 5 रुपये में उपलब्ध कराने की सुविधा भी दी गई।
शिविरों में भार वृद्धि, नाम परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, स्थायी और अस्थायी कनेक्शन, ई-केवाईसी, अनापत्ति प्रमाण-पत्र और बंद या खराब मीटर बदलने जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों के साथ सर्विस केबल, वोल्टेज और ट्रांसफार्मर संबंधी समस्याओं का भी समाधान किया गया।
शिकायत समाधान के साथ सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी
‘संपर्क अभियान 2026’ के शिविरों में उपभोक्ताओं को बिजली बिलों के आंशिक और पूर्ण भुगतान की सुविधा भी दी गई। अग्रिम भुगतान पर मिलने वाली छूट, बकाया राशि जमा कराने और विभिन्न जनहितैषी योजनाओं से जुड़ी जानकारी भी उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई गई।
इस अभियान की खासियत यह है कि शिकायत दर्ज कराने से लेकर समाधान तक की प्रक्रिया को स्थानीय स्तर पर आसान बनाने का प्रयास किया गया है। 5,969 शिविरों में 2.66 लाख से अधिक शिकायतों का मौके पर निराकरण इस बात को रेखांकित करता है कि बिजली सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचकर हल करने पर जोर दिया जा रहा है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अनुसार, ‘संपर्क अभियान 2026’ मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की भावना के अनुरूप उपभोक्ताओं को त्वरित, पारदर्शी और सुगम विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जारी है।