फोन की बैटरी जल्दी खत्म होती है? चार्जिंग की आदत सुधारिए
स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। सुबह उठने से लेकर रात को सोने तक फोन का इस्तेमाल होता है, लेकिन जब बात चार्जिंग की आती है, तो हर किसी का तरीका अलग होता है। कोई बैटरी 40 प्रतिशत पर पहुंचते ही फोन चार्ज करने लगता है, तो कोई 10 प्रतिशत तक इंतजार करता है। कुछ लोग फोन को बार-बार चार्जर से जोड़ते और हटाते रहते हैं, जबकि कई लोग रातभर फोन चार्जिंग पर छोड़ देते हैं। सवाल है कि बैटरी के लिए सही तरीका क्या है? क्या हर बार 100 प्रतिशत चार्ज करना जरूरी है? आइए समझते हैं फोन की बैटरी से जुड़ी जरूरी बातें।
-
फोन को कब चार्ज करना सबसे सही?
-
20 से 80 का नियम कितना कारगर?
-
30 या 40 प्रतिशत पर चार्ज करना गलत नहीं
-
बार-बार चार्जिंग से बैटरी खराब होती है?
-
फोन की बैटरी बचाने के आसान तरीके
20 से 80 प्रतिशत का नियम कितना सही?
स्मार्टफोन में आमतौर पर लिथियम-आयन बैटरी का इस्तेमाल होता है। ऐसी बैटरियों की क्षमता समय के साथ घटती है। बैटरी को बार-बार पूरी तरह खाली करना और लंबे समय तक 100 प्रतिशत चार्ज पर रखना उसकी उम्र पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है। इसी वजह से विशेषज्ञ अक्सर 20 से 80 प्रतिशत के बीच बैटरी रखने की सलाह देते हैं।
इसका मतलब है कि बैटरी लगभग 20 प्रतिशत तक पहुंचने पर फोन चार्जिंग पर लगाया जा सकता है और करीब 80 प्रतिशत होने पर चार्जर से हटा सकते हैं। हालांकि, यह कोई सख्त नियम नहीं है। जरूरत पड़ने पर फोन को 100 प्रतिशत तक चार्ज करना भी सामान्य है।
दिन में कितनी बार चार्ज करें फोन?
इसका कोई तय जवाब नहीं है। चार्जिंग की संख्या फोन के इस्तेमाल, बैटरी की क्षमता, नेटवर्क और ऐप्स पर निर्भर करती है। अगर फोन की बैटरी दिन में दो बार 20 प्रतिशत तक पहुंचती है, तो दो बार चार्ज करना बिल्कुल ठीक है। जरूरत पड़ने पर बीच में थोड़ी देर चार्ज करना भी नुकसानदेह नहीं माना जाता। बार-बार थोड़ी-थोड़ी चार्जिंग करना अपने आप में बैटरी खराब होने की वजह नहीं है।
इन गलतियों से बचें
फोन को बार-बार पूरी तरह डिस्चार्ज होने से बचाएं। गर्मी बैटरी की सेहत पर असर डाल सकती है, इसलिए चार्जिंग के दौरान फोन को अत्यधिक गर्म होने से बचाना जरूरी है। अच्छी गुणवत्ता वाले चार्जर का इस्तेमाल करें और फोन में उपलब्ध बैटरी सुरक्षा या अनुकूलित चार्जिंग सुविधा को चालू रखें। यानी बैटरी को 30 या 40 प्रतिशत पर चार्ज करने में कोई खास गलती नहीं है। सबसे जरूरी है फोन को बार-बार शून्य प्रतिशत तक न पहुंचाना, अत्यधिक गर्म होने से बचाना और अपनी जरूरत के अनुसार चार्ज करना। 20 से 80 प्रतिशत का नियम बैटरी की उम्र बढ़ाने में मदद कर सकता है, लेकिन रोजमर्रा में 100 प्रतिशत चार्ज करना भी कोई अपराध नहीं।