Shooting in School: सन्न रह जाएंगे आप जब जानेंगे ये वारदात, अमेरिका में 6 साल के बच्चे ने टीचर को मारी गोली

वर्जीनिया के एलिमेंट्री स्कूल में घटी घटना

Shooting in Virginia School: अमेरिका के वर्जीनिया में छह साल के स्कूली बच्चे ने अपनी शिक्षिका को गोली मार दी। BBC की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने अमेरिकी राज्य वर्जीनिया के ‘न्यूटन न्यूज’ इलाके में शिक्षिका को गोली मारने के बाद एक छह वर्षीय लड़के को हिरासत में लिया है। यह साफ नहीं है कि बच्चे ने बंदूक कैसे प्राप्त की, लेकिन अधिकारी ने बताया कि यह घटना एक कोई दुर्घटना नहीं थी।

शिक्षिका गंभीर तौर पर घायल

गोलीबारी की इस घटना में अस्पताल में भर्ती शिक्षिका को जानलेवा चोटें लगी हैं, जहां डॉक्टरों द्वारा उसे बचाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक शिक्षिका की डांट के बाद कक्षा 1 में मौजूद बच्चे ने उन पर गोली चला दी। स्कूल के डिस्ट्रिक्ट हेड डॉक्टर जॉर्ज पार्कर ने कहा कि अधिकारी किसी भी ऐसी घटना पर गौर करेंगे, जो इस घटना का कारण हो सकती है। उन्होंने आगे कहा कि वह यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि ऐसा दोबारा न हो।

लगातार बढ़ रही हैं गोलीबारी की घटनाएं

अमेरिका में फायरिंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पिछले साल यानी 2022 में इस तरह की फायरिंग में सैकड़ों लोगों की मौत हुई है। गोलीबारी की ये घटनाएं अस्पताल, पब, मेट्रो स्टेशन और अन्य पब्लिक प्लेस पर हो चुकी हैं। राष्ट्रपति जो बाइडन खुद कह चुके हैं कि देश में आर्म्स को लेकर कड़े फैसले लेने की जरूरत है।

आपको बता दें कि न्यूटन न्यूज लगभग 1 लाख 80 हजार लोगों का शहर है और राज्य की राजधानी रिचमंड के दक्षिण में लगभग 70 मील (112 किमी) की दूरी पर स्थित है।

Exit mobile version