शनचो-23 के अंतरिक्ष यात्री तीन महीने से कक्षा में

शनचो-23 के अंतरिक्ष यात्री तीन महीने से कक्षा में

चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष यान शनचो-23 का प्रक्षेपण इस वर्ष 24 मई को किया गया था। इसके
अंतरिक्ष यात्री दल में चू यांगचू, चांग चीयुआन और ली च्यायिंग शामिल हैं। अब इन तीनों अंतरिक्ष
यात्रियों की अंतरिक्ष यात्रा को तीन महीने पूरे होने वाले हैं। इस दौरान उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से
अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े कई प्रयोग और कार्य पूरे किए हैं।

प्रायोगिक योजना के अनुसार, इन तीन महीनों में तीनों अंतरिक्ष यात्रियों ने ऑनलाइन रखरखाव
और संयोजन नियंत्रण कैबिनेट में प्रायोगिक नमूनों को बदला। इसके अलावा, कंटेनर रहित कैबिनेट
प्रायोगिक कक्ष में नमूनों की सफाई और उन्हें बदलने का काम पूरा किया। उन्होंने अक्षीय तंत्र के
इलेक्ट्रोडों का रखरखाव किया और अवलोकन खिड़की के आवरण के लेंस की सफाई भी की। साथ ही,
दहन विज्ञान प्रायोगिक कैबिनेट में गैस सिलेंडर बदलने तथा अपशिष्ट गैस को वैक्यूम करने और
बाहर निकालने की प्रक्रिया भी पूरी की।

इसके अलावा, तीनों अंतरिक्ष यात्रियों ने अंतरिक्ष स्टेशन में सूक्ष्मजीवों की निगरानी से जुड़े कार्य भी
किए। केबिन की गैस, सतह और जल प्रणाली जैसे विभिन्न माध्यमों से सूक्ष्मजीवों के नमूने लेकर
उनका परीक्षण किया गया। इससे सूक्ष्मजीवों की वृद्धि की स्थिति का आकलन करने और कक्षा में
उनके नियंत्रण के लिए जरूरी जानकारी हासिल करने में मदद मिली।

वहीं, स्वास्थ्य प्रबंधन के क्षेत्र में अंतरिक्ष यात्रियों ने समग्र दृश्य कार्यक्षमता माप और गैर-आक्रामक
हृदय कार्यक्षमता परीक्षण जैसी परियोजनाओं को भी योजना के अनुसार पूरा किया। इन परीक्षणों से
शोधकर्ताओं को अंतरिक्ष यात्रियों के लंबे समय तक कक्षा में रहने के दौरान उनके स्वास्थ्य की
निगरानी के लिए जरूरी आधार और आंकड़े मिल रहे हैं।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

 

 

 

 

 

Exit mobile version