भारतीय शेयर बाजार ने हफ्ते की शुरुआत मजबूत होकर की है। सोमवार 29 सितंबर को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 175 अंक की तेजी के साथ 80,601.92 पर खुला, जबकि निफ्टी 55 अंक ऊपर 24,710.65 के स्तर पर पहुंच गया। निफ्टी ने 24,700 के महत्वपूर्ण स्तर को फिर से हासिल कर लिया। अमेरिका और एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों का असर भारतीय मार्केट पर साफ दिखा।
सुबह के लेवल और इंडेक्स अपडेट
सुबह 9:58 बजे सेंसेक्स ने 330.65 अंक (0.41%) की बढ़त के साथ 80,757.11 पर ट्रेड किया, जबकि निफ्टी 107 अंक (0.43%) की तेजी के साथ 24,761.70 पर पहुंच गया। लार्जकैप शेयरों के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी मजबूत रैली देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 418 अंक बढ़कर 56,797.30 पर और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 132 अंक ऊपर 17,692 पर ट्रेड कर रहे थे।
टॉप गेनर्स और लूजर्स
सेंसेक्स में बीईएल, इटरनल, टाइटन, टाटा स्टील, ट्रेंट, एमएंडएम, टाटा मोटर्स, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, सन फार्मा, टीसीएस, एसबीआई और पावर ग्रिड प्रमुख लाभार्थी रहे। वहीं एचयूएल, एक्सिस बैंक, एलएंडटी, मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल, आईटीसी और एचसीएल टेक प्रमुख नुकसान में रहे।
पिछले हफ्ते का हाल
पिछले शुक्रवार 27 सितंबर को बाजार भारी दबाव में बंद हुआ था। सेंसेक्स 733 अंक गिरकर 80,426.46 और निफ्टी 236 अंक घटकर 24,654.70 पर बंद हुआ। पूरे हफ्ते निफ्टी 672 अंक यानी 2.65% और सेंसेक्स 2,199 अंक यानी 2.66% गिर गया था। इस दौरान टॉप 10 कंपनियों का मार्केट कैप 2.99 लाख करोड़ रुपये कम हुआ।
मौजूदा सप्ताह में नजरें किन फैक्टर्स पर
विशेषज्ञों के अनुसार इस सप्ताह बाजार की दिशा RBI की MPC बैठक, भारत-अमेरिका ट्रेड डील और विदेशी निवेशक (FII) डेटा से तय होगी। RBI की मौद्रिक नीति समिति की बैठक 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक होगी, जिसमें रेपो रेट की समीक्षा की जाएगी। संभावना है कि इस बार रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की कटौती की जा सकती है, जो लोन, EMI और मार्केट की चाल पर सीधा असर डालेगी।
नोट: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। liveindia.news अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।





