24 जुलाई 2025 को शेयर बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। बीते दिन की जबरदस्त तेजी के बाद गुरुवार को निवेशकों को झटका लगा है। IT और रियल्टी सेक्टर में बिकवाली के चलते बाजार लुढ़क गया। सेंसेक्स 450 अंक की गिरावट के साथ 82,275 पर ट्रेड कर रहा है, जबकि निफ्टी 120 अंक फिसलकर 25,100 पर पहुंच गया है। विदेशी निवेशकों की बिकवाली और सेक्टोरल दबाव के कारण बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।
सेंसेक्स-निफ्टी में गिरावट, ट्रेंट और रिलायंस ने किया नुकसान
सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयर लाल निशान पर हैं। ट्रेंट, टेक महिंद्रा और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे दिग्गज शेयरों में 3.4% तक की गिरावट आई है। वहीं जोमैटो, टाटा मोटर्स और सन फार्मा जैसे कुछ स्टॉक्स 2.5% तक चढ़े हैं। निफ्टी के 50 में से 31 शेयर गिरे हैं और 19 में तेजी बनी हुई है। खासकर IT इंडेक्स 2% लुढ़का है, जबकि रियल्टी, बैंकिंग और FMCG सेक्टर में भी गिरावट देखने को मिली है।
ग्लोबल मार्केट में मजबूती, फिर भी भारत में दबाव
जहां भारत का शेयर बाजार गिरा है, वहीं एशियाई बाजारों में मजबूती नजर आई। जापान का निक्केई इंडेक्स 1.97% ऊपर, कोरिया का कोस्पी 0.39% ऊपर और शंघाई कंपोजिट भी 0.48% की बढ़त पर रहा। अमेरिका के प्रमुख इंडेक्स डाउ जोन्स, नैस्डैक और S&P 500 में भी 0.6% से ज्यादा की मजबूती दर्ज की गई। ग्लोबल संकेत पॉजिटिव होने के बावजूद भारतीय निवेशकों में सतर्कता का माहौल है।
FII बिकवाली जारी, DII ने किया सपोर्ट
23 जुलाई को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने 4,209 करोड़ रुपए के शेयर बेचे, जबकि घरेलू निवेशकों (DIIs) ने 4,358 करोड़ की खरीदारी की। जुलाई में FIIs अब तक 26,395 करोड़ के शेयर बेच चुके हैं, वहीं DIIs ने 35,070 करोड़ की खरीदारी की है। जून में FII का आंकड़ा 7,488 करोड़ रुपए की खरीदारी का था।