भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार (18 सितंबर 2025) को शानदार शुरुआत की। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में कटौती और आगे और राहत की उम्मीदों के चलते घरेलू निवेशकों का भरोसा बढ़ा। नतीजा यह रहा कि शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स तेज उछाल के साथ खुले। खासकर आईटी शेयरों और चुनिंदा दिग्गज कंपनियों में हुई जबरदस्त खरीदारी ने बाजार को मजबूती दी। वहीं बैंकिंग और मिडकैप शेयरों ने भी इस रैली में योगदान दिया।
सेंसेक्स और निफ्टी में मजबूत शुरुआत
शेयर बाजार ने गुरुवार को तेजी के साथ शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 447.5 अंक चढ़कर 83,141.21 तक पहुंच गया, जबकि निफ्टी 118.7 अंक बढ़कर 25,448.95 पर कारोबार करता दिखा। बैंक निफ्टी ने भी मजबूती दिखाई और 214 अंक उछलकर 55,707 पर खुला।
आईटी शेयरों ने संभाली कमान
आज की तेजी में आईटी सेक्टर के शेयरों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इंफोसिस, विप्रो, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा और सन फार्मा शुरुआती कारोबार में सबसे बड़े गेनर्स रहे। इन कंपनियों में आई तेज खरीदारी से बाजार का मूड और ज्यादा पॉजिटिव हुआ।
कुछ दिग्गज शेयरों में दबाव
हालांकि बाजार में हर तरफ तेजी का माहौल रहा, लेकिन कुछ दिग्गज कंपनियों के शेयर लाल निशान में रहे। हिंडाल्को, बजाज फाइनेंस, अपोलो हॉस्पिटल्स, अल्ट्राटेक सीमेंट और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स शुरुआती सत्र में गिरावट के साथ कारोबार करते दिखे।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली और क्रूड का असर
फॉरेन इन्वेस्टर्स (FII) ने बुधवार को 1,124.54 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री की, फिर भी बाजार पर इसका ज्यादा असर नहीं पड़ा। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल (ब्रेंट क्रूड) 0.16% फिसलकर 67.86 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जिससे घरेलू निवेशकों को राहत मिली।





