Stock market: में चौथे दिन भी बिकवाली, सेंसेक्स 700 अंक लुढ़का, मेटल सेक्टर सबसे कमजोर

भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार, 8 जनवरी को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट का सिलसिला जारी रहा। दिन भर बाजार पर बिकवाली का दबाव बना रहा, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में कारोबार करते दिखे। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। किसी भी सेक्टोरल इंडेक्स में तेजी देखने को नहीं मिली, जिससे निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर नजर आया।

बाजार की शुरुआत रही कमजोर

सुबह 9:15 बजे बाजार खुलते ही कमजोरी साफ नजर आई। बीएसई सेंसेक्स 183 अंकों की गिरावट के साथ 84,778 पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी 34 अंक टूटकर 26,106 के स्तर पर शुरू हुआ। शुरुआती कारोबार में ही निवेशकों ने सतर्कता बरतते हुए मुनाफावसूली शुरू कर दी, जिससे बाजार दबाव में आ गया।

दोपहर तक और गहरी हुई गिरावट

10:00 बजे तक सेंसेक्स 168 अंक गिरकर 84,792 पर आ गया, वहीं निफ्टी 73 अंक टूटकर 26,067 पर कारोबार कर रहा था। 11:51 बजे गिरावट और तेज हो गई। सेंसेक्स 491 अंक फिसलकर 84,470 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 180 अंक टूटकर 25,960 के स्तर पर ट्रेड करता दिखा।
12:12 बजे तक बिकवाली का दबाव और बढ़ गया। सेंसेक्स 607 अंक लुढ़ककर 84,353 पर आ गया, वहीं निफ्टी 205 अंक गिरकर 25,935 पर पहुंच गया।

दोपहर 1:50 बजे बाजार का हाल

दोपहर 1:50 बजे तक बाजार दिन के निचले स्तरों के करीब पहुंच गया। सेंसेक्स 700 अंकों से ज्यादा टूटकर 84,230 के स्तर तक फिसल गया। निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी लाल निशान में रहे।
सभी सेक्टोरल इंडेक्स में गिरावट दर्ज की गई। मेटल सेक्टर सबसे ज्यादा कमजोर रहा, जिसमें करीब 3% की गिरावट आई। इसके अलावा आईटी, मीडिया, पीएसयू बैंक, रियल्टी, ऑयल एंड गैस सेक्टर में भी 1% से ज्यादा की कमजोरी देखने को मिली।

कौन गिरे, कौन संभले

सेंसेक्स के प्रमुख शेयरों में रिलायंस और टीसीएस में 2% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। इन्फोसिस, एलएंडटी, एयरटेल, एशियन पेंट्स और एनटीपीसी में भी 1% से ज्यादा की कमजोरी रही।
हालांकि, बीईएल, इटरनल, अडानी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक, एचसीएल टेक और बजाज फाइनेंस टॉप गेनर्स की लिस्ट में रहे, लेकिन इनमें तेजी 1% से भी कम रही, जिससे बाजार को ज्यादा सहारा नहीं मिला।

ग्लोबल संकेतों का असर

एशियाई बाजारों से मिले-जुले संकेतों का असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा। जापान का निक्केई 225 और टोपिक्स इंडेक्स लाल निशान में खुले, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी और ऑस्ट्रेलिया का एएसएक्स 200 हरे निशान में रहे।
इसके अलावा गिफ्ट निफ्टी भी कमजोरी के संकेत दे रहा था। यह 26,184 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद से करीब 42 अंक या 0.16% नीचे था। हांगकांग के हेंग सेंग इंडेक्स के लिए भी कमजोर शुरुआत की संभावना जताई गई थी।

नोट: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। liveindia.news अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।

 

 

Exit mobile version