पीएम मोदी को उनके 75वें बर्थडे पर शरद पवार-शाह-नीतीश-नायडू और योगी ने दी शुभकामनाएं
देशभर में मनाया जा रहा ‘मोदी@75’, नेताओं और जनता ने सोशल मीडिया पर जताई शुभकामनाएं
नई दिल्ली, 17 सितंबर 2025। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन पूरे देश में बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर तक विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। इसे सेवा और राष्ट्रनिर्माण से जोड़कर “सेवा पखवाड़ा” के रूप में मनाने की योजना बनाई गई है। वहीं, दिल्ली सरकार ने भी इस अवसर पर 75 सेवा परियोजनाओं की शुरुआत की घोषणा की है। देशभर में सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक कार्यक्रमों का माहौल है और सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं का सिलसिला लगातार जारी है।
अमित शाह ने गिनाई उपलब्धियां
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा कि उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक आकांक्षाओं का केंद्र बन चुका है। शाह ने कहा, “चांद के दक्षिणी ध्रुव पर भारत का झंडा फहराना हो या समुद्र की गहराई में विरासत को संजोना, मोदी जी ने हर क्षेत्र में राष्ट्र का गौरव बढ़ाया है।” उन्होंने आगे कहा कि स्वदेशी कोविड वैक्सीन, रक्षा प्रणाली, स्टार्टअप और किसानों के उत्थान से लेकर मैन्युफैक्चरिंग मिशन तक, मोदी जी आत्मनिर्भर भारत के निर्माता साबित हुए हैं।
राहुल गांधी ने दी शुभकामनाएं
कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।” विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच राजनीतिक मतभेदों के बावजूद यह संदेश राजनीतिक शिष्टाचार का परिचायक रहा।
चंद्रबाबू नायडू ने जताया सम्मान
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा, “हम भाग्यशाली हैं कि हमें सही समय पर ऐसा नेता मिला, जिसने स्पष्टता और दृढ़ संकल्प के साथ देश का मार्गदर्शन किया।” नायडू ने कहा कि मोदी की निष्ठा और समर्पण ने भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। उन्होंने मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को सराहते हुए उनके स्वस्थ और ऊर्जावान जीवन की कामना की।
नीतीश कुमार की शुभकामनाएं
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संक्षिप्त लेकिन भावनात्मक संदेश में प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। उन्होंने लिखा, “आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना है।”
शरद पवार का संदेश
एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने भी पीएम मोदी को शुभकामनाएं दीं। पवार ने कहा, “ईश्वर आपको उत्तम स्वास्थ्य, प्रसन्नता और दीर्घायु प्रदान करे। आपके कुशल मार्गदर्शन में राष्ट्र की निरंतर प्रगति हो और आने वाले वर्षों में और अधिक विकास की राह खुले।”
शत्रुघन सिन्हा ने साझा की यादें
टीएमसी सांसद और अभिनेता शत्रुघन सिन्हा ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘मित्र’ बताते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पुरानी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “ईश्वर आपको सुख, शांति, आनंद और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें। आप समाज के मित्र और देश के मार्गदर्शक हैं।”
योगी आदित्यनाथ का लंबा संदेश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “140 करोड़ भारतीयों की आशाओं-आकांक्षाओं के संवाहक, वैश्विक मंच पर ‘नए भारत’ को अग्रिम पंक्ति में प्रतिष्ठित करने वाले, विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता को जन्मदिन की हार्दिक बधाई।”
योगी ने आगे लिखा कि राष्ट्र सर्वोपरि की भावना के साथ मोदी जी ने भारत को आशा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। उन्होंने प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से प्रभु श्रीराम से उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की।
बीजेपी और दिल्ली सरकार के कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी के 75वें जन्मदिन को खास बनाने के लिए बीजेपी ने राष्ट्रव्यापी कार्यक्रमों की शुरुआत की है। इन कार्यक्रमों में वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और गरीबों की मदद से जुड़े सामाजिक कार्य शामिल हैं।
वहीं, दिल्ली सरकार भी 75 सेवा परियोजनाओं का शुभारंभ कर रही है। इनका उद्देश्य राजधानी में स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे को और सशक्त बनाना है।
सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं की बाढ़
ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर #ModiAt75 और #HappyBirthdayPMModi ट्रेंड कर रहे हैं। देशभर से आम नागरिक, उद्योगपति, फिल्मी हस्तियां और खिलाड़ी प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दे रहे हैं। मोदी समर्थकों ने ‘सेवा पर्व’ और ‘विकसित भारत’ के संदेश के साथ बधाइयां दीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन ने राजनीति से लेकर समाज तक हर वर्ग को एकजुट किया है। एक ओर जहां बीजेपी और राज्य सरकारें सेवा कार्यों के जरिए जश्न मना रही हैं, वहीं दूसरी ओर विपक्षी नेताओं ने भी शुभकामनाएं देकर राजनीतिक परिपक्वता का संदेश दिया है। सोशल मीडिया पर उत्साह स्पष्ट रूप से दर्शा रहा है कि मोदी का प्रभाव सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि जनमानस में गहराई तक समाया हुआ है। (प्रकाश कुमार पांडेय)





