कड़ाके की ठंड से कांपा उत्तर भारत, पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी से गिरेगा पारा; रेल और हवाई यातायात प्रभावित
नई दिल्ली। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और बिहार में सुबह और रात के समय दृश्यता बेहद कम रहने के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात पर व्यापक असर देखने को मिला। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट की चेतावनी दी है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी इलाकों में हिमपात और मैदानी क्षेत्रों में ठंडी हवाओं के साथ शीतलहर का असर बना हुआ है। दिल्ली के लिए ठंड और कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद लगातार चार दिनों तक तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में बढ़ी ठंड
राजधानी दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक रहा, जबकि अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि घना कोहरा छाए रहने के कारण सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रही। कई इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई, जिससे वाहन रेंगते नजर आए। हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री और पंजाब के गुरदासपुर में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
कोहरे से रेल और हवाई यातायात प्रभावित
घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर हवाई और रेल यातायात पर पड़ा। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर दृश्यता कम होने के कारण 110 उड़ानें रद करनी पड़ीं, जबकि 700 से अधिक उड़ानें देरी से संचालित हुईं। दिल्ली आने वाली चार उड़ानों को जयपुर और अहमदाबाद के हवाई अड्डों पर डायवर्ट किया गया। अधिकारियों के अनुसार कोहरे के कारण दिल्ली एयरपोर्ट से रद होने वाली उड़ानों की संख्या 806 तक पहुंच चुकी है।
श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से करीब 15 उड़ानों का संचालन नहीं हो सका। पटना एयरपोर्ट पर एअर इंडिया की दिल्ली-पटना-दिल्ली और इंडिगो की चेन्नई जाने वाली उड़ान रद रही, जबकि एक दर्जन से अधिक फ्लाइट आधे घंटे से लेकर दो घंटे तक देरी से चलीं। दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ानों में भी 8 मिनट से 48 मिनट तक की देरी दर्ज की गई।
ट्रेनें घंटों देरी से चलीं
कोहरे के कारण रेल यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। दिल्ली पहुंचने और यहां से रवाना होने वाली 60 से अधिक ट्रेनें दो घंटे से लेकर नौ घंटे तक देरी का शिकार हुईं। नई दिल्ली-बरौनी हमसफर विशेष ट्रेन लगभग नौ घंटे की देरी से पहुंची। नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत और नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस करीब पांच-पांच घंटे देरी से चलीं। नई दिल्ली-लखनऊ तेजस एक्सप्रेस और नई दिल्ली-सियालदह राजधानी भी लगभग पांच घंटे विलंब से रवाना हुईं, जबकि नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी तीन घंटे देरी से चली। पटना से होकर गुजरने वाली ढाई दर्जन से अधिक ट्रेनें भी विलंबित रहीं। हरिद्वार-राजगीर स्पेशल करीब 20 घंटे और आनंद विहार-जयनगर गरीब रथ ट्रेन 13 घंटे की देरी से चली।
कश्मीर में चिल्ले कलां की शुरुआत
जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी के साथ 40 दिन की कठोर सर्दी वाले ‘चिल्ले कलां’ की शुरुआत हो गई है। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग, सोनमर्ग और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। श्रीनगर में तड़के शुरू हुई बारिश देर शाम तक जारी रही। घाटी के कई हिस्सों में तेज बारिश के कारण लोग घरों में ही रहने को मजबूर हुए। जम्मू और कटड़ा में हल्की बारिश दर्ज की गई। बर्फबारी के चलते राजोरी और पुंछ को शोपियां से जोड़ने वाले मुगल मार्ग को एहतियातन बंद कर दिया गया है। मौसम में आए बदलाव से दिन के तापमान में गिरावट आई है, जबकि रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
हिमाचल में ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात
हिमाचल प्रदेश के रोहतांग, कुंजम, शिंकुला, बारालाचा और धौलाधार पर्वतमालाओं सहित लाहुल-स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। रोहतांग और कुंजम दर्रे में करीब आधा फीट तक हिमपात दर्ज किया गया। चुराह, भरमौर और चंबा में बूंदाबांदी से ठंड और बढ़ गई है। बर्फबारी के कारण कई संपर्क मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है।
बिहार और उत्तर प्रदेश में शीतलहर
बिहार में अगले चार दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन सात शहरों में कोहरा और 25 जिलों में कड़ाके की ठंड का असर बना रहेगा। उत्तर प्रदेश में भी रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने और शीतलहर चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में उत्तर भारत में ठंड का असर और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।





