बाजार की शुरुआत ही लाल निशान में
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। 30 शेयरों वाला BSE Sensex 590.20 अंक यानी करीब 0.78 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75,444.22 के स्तर पर खुला। वहीं NSE Nifty 50 भी कमजोर रुख के साथ खुला और 176.65 अंक यानी 0.75 प्रतिशत गिरकर 23,462.50 के स्तर पर कारोबार शुरू हुआ।
शुरुआती कारोबार में और बढ़ी गिरावट
सुबह करीब 9:20 बजे तक बाजार में दबाव बना रहा। इस दौरान सेंसेक्स करीब 566 अंक गिरकर 75,467 के आसपास कारोबार करता दिखा। वहीं निफ्टी 50 भी करीब 185 अंक लुढ़ककर 23,453 के स्तर पर ट्रेड करता नजर आया। निवेशकों के बीच सतर्कता का माहौल देखने को मिला।
ये शेयर बने टॉप गेनर
गिरावट भरे बाजार में भी कुछ कंपनियों के शेयर मजबूती के साथ कारोबार करते दिखे। सेंसेक्स पैक से Power Grid Corporation of India, NTPC, ITC Limited और Reliance Industries के शेयरों में बढ़त देखने को मिली।
इन शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट
वहीं दूसरी ओर कई दिग्गज कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। टॉप लूजर में Larsen & Toubro, Tata Steel, IndiGo, HDFC Bank और Mahindra & Mahindra के शेयर शामिल रहे।
एशियाई बाजारों में भी दबाव
वैश्विक बाजारों का असर भी भारतीय बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और महंगाई की आशंकाओं के कारण एशियाई शेयर बाजारों में भी गिरावट देखने को मिली। Nikkei 225 करीब 2 प्रतिशत तक टूट गया, जबकि TOPIX Index में लगभग 1.4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा दक्षिण कोरिया का KOSPI Index भी करीब 3 प्रतिशत नीचे रहा और Hang Seng Index के भी कमजोर शुरुआत के संकेत मिले।
गुरुवार को भी बाजार में रही थी बड़ी गिरावट
इससे पहले गुरुवार को भी भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 829.29 अंक गिरकर 76,034.42 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 50 भी 227.70 अंक फिसलकर 23,639.15 पर बंद हुआ था। उस दिन भी बाजार में अधिकांश सेक्टरों में दबाव बना रहा था।
निवेशकों के लिए जरूरी सूचना
शेयर बाजार में निवेश हमेशा जोखिम के साथ जुड़ा होता है। बाजार में पैसा लगाने से पहले निवेशकों को विशेषज्ञों की सलाह जरूर लेनी चाहिए। यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचना के उद्देश्य से है।