शाह और बीजेपी चला रहे ‘एकनाथ शिंदे की शिवसेना’— संजय राउत का बड़ा दावा
मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। नगर निकाय चुनावों से पहले शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना, असल में बीजेपी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा चलाई जा रही है। राउत के इस बयान ने सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी खेमे के बीच टकराव को और तेज कर दिया है। 15 जनवरी को महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों, जिनमें देश की सबसे बड़ी नगर निगम बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) भी शामिल है, के चुनाव होने हैं। ऐसे में संजय राउत ने बीजेपी की ओर से दिए गए उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें कहा गया था कि “मुंबई में खान मेयर नहीं होगा।”
राउत ने कहा “मुंबई में मराठी मेयर होगा। जैसे बेंगलुरु में कन्नड़िगा मेयर होना चाहिए, कोलकाता में बंगाली और चेन्नई में तमिल मेयर होना चाहिए, वैसे ही मुंबई में मराठी मेयर होना स्वाभाविक है। मराठी हिंदू मेयर कौन होता है? क्या मराठी हिंदू नहीं होते?” उन्होंने इसे भाषा और पहचान का मुद्दा बताते हुए कहा कि मुंबई की आत्मा मराठी है और इसे कोई नहीं बदल सकता।
स्थानीय चुनावों में साथ आएंगे यूबीटी, कांग्रेस और MNS
संजय राउत ने यह भी साफ किया कि स्थानीय निकाय चुनावों, खासकर BMC चुनाव में शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने कहा “हम चुनाव से पहले भी साथ हैं और चुनाव के बाद भी साथ रहेंगे। नतीजे चाहे जैसे हों, विपक्षी एकता बनी रहेगी।” इस बयान को बीजेपी और शिंदे गुट के खिलाफ महाविकास आघाड़ी प्लस जैसी संभावित रणनीति के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। राउत ने दावा किया कि शिंदे गुट के पास न तो शिवसेना की विचारधारा है और न ही उसकी आत्मा। उनके मुताबिक, सत्ता के लिए पार्टी को तोड़ दिया गया।





