हरियाणा: बाढ़ग्रस्त इलाकों के दौरे पर कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट को सरपंच ने सुनाई खरी-खरी

Sarpanch reprimanded Congress MLA Vinesh Phogat during her visit to Haryana flood affected areas

हरियाणा: बाढ़ग्रस्त इलाकों के दौरे पर कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट को सरपंच ने सुनाई खरी-खरी

जुलाना (हरियाणा)। कांग्रेस विधायक और पूर्व रेसलर विनेश फोगाट गुरुवार को जुलाना क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा करने पहुंचीं। उन्होंने खेतों और गांवों में जलभराव की स्थिति का जायजा लिया और किसानों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। लेकिन इस दौरे के दौरान बुआना गांव के सरपंच प्रतिनिधि सुधीर बुआना ने विधायक पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें घेर लिया।

“100 से ज्यादा फोन किए, पर विधायक ने नहीं उठाया”

बुआना के सरपंच प्रतिनिधि सुधीर बुआना ने कहा कि जब गांव और किसानों को सबसे ज्यादा मदद की जरूरत थी, तब विधायक से संपर्क करने की कोशिश की गई। “हमने 100 से ज्यादा बार फोन किया, लेकिन विधायक ने फोन नहीं उठाया। अब जब 75% पानी उतर चुका है, तो दौरा करने आ रही हैं। यह सिर्फ दिखावा है।” उन्होंने यहां तक आरोप लगाया कि जुलाना हलके के लोगों के साथ वोटों की ठगी हुई है।

किसानों से मुलाकात और मदद का भरोसा

विनेश फोगाट ने जुलाना हलके के बराड़ खेड़ा, बुआना, खरैंटी, गढ़वाली, झमौला, करेला, मालवी और देवरड़ गांवों का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित किसानों से बातचीत की और विभागीय अधिकारियों को खेतों से पानी की निकासी के तुरंत कदम उठाने के निर्देश दिए। कांग्रेस विधायक ने कहा कि किसानों को नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा और स्थायी समाधान की दिशा में भी कदम बढ़ाए जाएंगे। सरपंच का पलटवार: “सरकार-प्रशासन ने दिया साथ, विधायक गायब रहीं” सुधीर बुआना, जो सरपंच एसोसिएशन के जिला प्रधान और प्रदेश प्रवक्ता भी हैं, ने कहा कि चुनाव में सरपंच एसोसिएशन और पंचायत समिति सदस्यों ने विनेश फोगाट का समर्थन किया था। “आज जब मुसीबत आई तो विधायक फोन तक उठाना उचित नहीं समझ रहीं। सरकार और प्रशासन ने हमारा सहयोग किया, लेकिन विधायक से हमें कोई सहयोग नहीं मिला। उन्हें जलभराव का स्थाई समाधान करना चाहिए।”

राजनीतिक गर्माहट बढ़ी

जुलाना क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर स्थानीय राजनीति गर्म हो गई है। विधायक के खिलाफ सरपंच और ग्रामीणों के इस तरह के बयान से कांग्रेस के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। वहीं, विनेश फोगाट का कहना है कि किसानों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और जल्द ही प्रभावितों को राहत दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। प्रकाश कुमार पांडेय

Exit mobile version