INDVSPAK: संजय राउत का पीएम मोदी को पत्र: एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान मैच पर कड़ा विरोध

शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के सांसद संजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच कराने का कड़ा विरोध किया है। राउत ने कहा है कि जब देश ऑपरेशन सिंदूर चला रहा है और पाकिस्तान से आतंकवाद का खतरा अभी भी बरकरार है, तो ऐसे समय में पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना उन शहीदों और उनके परिवारों का अपमान है, जिन्होंने देश की रक्षा में अपनी जान दी।

राउत ने सोशल मीडिया पर यह पत्र साझा करते हुए गृह मंत्री अमित शाह और बीसीसीआई को भी टैग किया। उन्होंने लिखा कि खेल मंत्रालय ने भारत-पाकिस्तान मैच को हरी झंडी दी है, और यह प्रधानमंत्री व गृह मंत्री की अनुमति के बिना संभव नहीं था।

“खून और क्रिकेट साथ-साथ कैसे बह सकते हैं?”
राउत ने पीएम मोदी से सवाल करते हुए कहा, “आपने कहा था कि खून और पानी साथ-साथ नहीं बह सकते, तो फिर खून और क्रिकेट कैसे बह सकते हैं?” उन्होंने व्यंग्य करते हुए पूछा कि क्या अमेरिका के राष्ट्रपति ने धमकी दी है कि अगर पाकिस्तान के साथ मैच नहीं खेला गया तो व्यापार बंद कर देंगे?

शहीदों का अपमान बताया
संजय राउत ने अपने पत्र में लिखा कि पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना न सिर्फ शहीदों के बलिदान का अपमान है बल्कि हिंदुत्व और देशभक्ति की भावनाओं का भी अपमान है।

दुबई में होगा भारत-पाक मैच
एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप मैच 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (यूएई) में खेला जाना है। राउत ने कहा कि अगर ये मैच महाराष्ट्र में होते, तो बाला साहेब ठाकरे की शिवसेना इन्हें किसी भी कीमत पर रुकवा देती।

 

 

 

 

Exit mobile version