इंटरनेट मीडिया पर दही में मरे चूहे का वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने शहर के तुलसीपुर छावनी लाइन स्थित न्यू सम्राट ढाबा पर सख्त कदम उठाया है। जांच में गंभीर खामियां मिलने पर विभाग ने अगले आदेश तक ढाबे में खाना बनाने और परोसने पर तत्काल रोक लगा दी है।
वायरल वीडियो के बाद हरकत में आया विभाग
गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से फैल गया, जिसमें सम्राट ढाबे पर परोसे गए दही में मरा चूहा दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आते ही खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट हो गया। हालांकि इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी, फिर भी विभाग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए ढाबे का निरीक्षण किया।
जांच में सामने आई गंभीर गंदगी
सहायक आयुक्त खाद्य रमेश चंद पांडेय के अनुसार, निरीक्षण के दौरान ढाबे में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई। बर्तन धोने की जगह खेत की ओर खुली और जर्जर हालत में थी, जिससे चूहे और अन्य जीवों के आने की पूरी आशंका थी। मसाले रखने के बर्तन स्टेनलेस स्टील के नहीं थे और पेस्ट कंट्रोल या रोडेंट कंट्रोल की कोई व्यवस्था मौजूद नहीं थी।
बिना धोए इस्तेमाल हो रहे थे खाद्य पदार्थ
जांच में यह भी सामने आया कि खाना बनाने, बर्तन धोने, पीने और सब्जी धोने के लिए उपयोग किए जा रहे पानी की कोई टेस्ट रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी। सबसे चिंताजनक बात यह रही कि प्याज समेत अन्य खाद्य सामग्री बिना धोए ही भोजन में इस्तेमाल की जा रही थी, जो सीधे तौर पर उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ है।
सुधार के बाद ही मिलेगी अनुमति
इन सभी खामियों को देखते हुए विभाग ने तत्काल प्रभाव से ढाबे में भोजन तैयार करने और परोसने पर रोक लगा दी है। ढाबा संचालक को सभी हाइजिन और साफ-सफाई संबंधी कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद दोबारा निरीक्षण होगा। मानक पूरे होने पर ही ढाबा दोबारा खुल सकेगा, अन्यथा कार्रवाई जारी रहेगी।