Samosa-Jalebi Warnings News: अब समोसे और जलेबी पर भी चेतावनी! सरकार का बड़ा फैसला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने देश में तेजी से बढ़ रहे मोटापे और अस्वस्थ खानपान को गंभीरता से लेते हुए एक नया और कड़ा कदम उठाया है। अब समोसे, कचौरी, पिज्जा, बर्गर, पकौड़े, पेस्ट्री जैसी चीज़ों पर सिगरेट जैसी चेतावनी दी जाएगी। सरकारी दफ्तरों और संस्थानों में इन खाद्य पदार्थों में मौजूद चीनी और फैट की मात्रा दर्शाने वाले पोस्टर और डिजिटल बोर्ड लगाए जाएंगे। यह निर्देश केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किया गया है, जो AIIMS जैसे प्रमुख संस्थानों में लागू किया जाएगा।
सिगरेट जैसी चेतावनी, पहली बार जंक फूड पर
सरकार अब “शुगर और फैट” को तंबाकू जितना खतरनाक मानकर लोगों को सचेत करने जा रही है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अब हर व्यक्ति को यह बताया जाएगा कि उनके रोज़ के नाश्ते में कितनी छुपी हुई चीनी और तेल है। ये पोस्टर इस बात को उजागर करेंगे कि जैसे तंबाकू से कैंसर होता है, वैसे ही ट्रांस फैट और शक्कर भी शरीर के लिए “धीमा ज़हर” हैं।
बच्चों में मोटापा: भविष्य की बड़ी बीमारी
विशेषज्ञों की मानें तो आज के बच्चों की आदतें कल के हेल्थ संकट की जड़ बन रही हैं। कार्डियोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. अमर आमले का कहना है कि ट्रांस फैट्स और शक्कर अब “नया तंबाकू” बन चुके हैं। रिपोर्ट्स बताती हैं कि 2050 तक भारत में 44.9 करोड़ लोग मोटापे के शिकार होंगे, जो अमेरिका के बाद सबसे अधिक होगा।
जानिए, कितना ज़हर छिपा है आपके नाश्ते में
वरिष्ठ डायबिटोलॉजिस्ट डॉ. सुनील गुप्ता बताते हैं कि एक गुलाब जामुन में 5 चम्मच चीनी हो सकती है, जो शरीर के लिए बेहद खतरनाक है। ट्रांस फैट और अत्यधिक चीनी के कारण डायबिटीज, हृदय रोग और हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। इसलिए यह जरूरी है कि जनता को जागरूक किया जाए कि वे क्या और कितना खा रहे हैं।
प्रकाश कुमार पांडेय





