सागर में बोले पीएम मोदी …कांग्रेस सत्ता में आई तो अपनायेगी एक्स-रे हथकंडा…आपके लॉकर में क्या पड़ा है वे खोज कर निकालेंगे

Lok Sabha Fourth Phase PM Narendra Modi Star Campaigner Madhya Pradesh Khargone

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्यप्रदेश के सागर में कहा कि कांग्रेस ने ओबीसी समाज के आंखों में धूल झोंकने का काम किया है। ओबीसी के हक का हिस्सा कांग्रेस ने छीन लिया है। ओबीसी वर्ग की सबसे बडी दुश्मन है कांग्रेस। कांग्रेस ने सामाजिक न्याय की हत्या भी की है। उसने संविधान की भावना को ठेस पहुंचाई है। अब धर्म के आधार पर आरक्षण देने का खेल, खेल रही है कांग्रेस। इस खेल को बंद करने के लिए मोदी को 400 पार सीटें चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी को धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जाएगा। धर्म के आधार पर आरक्षण देने की कांग्रेस की ऐसी सच्चाई सामने आने से हर देशवासी सन्न है। हमारा संविधान साफ-साफ मना करता है कि किसी को भी धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जाएगा। बाबा साहब अंबेडकर भी धर्म के आधार पर आरक्षण देने के खिलाफ थे। लेकिन कांग्रेस ने साल दर साल भांति -भांति के तरीके अपनाकर देशवासियों की आंखों में धूल झोंकी है। कांग्रेस का प्रयास है कि सत्ता में आने पर एससी, एसटी, ओबीसी का 15 प्रतिशत कोटा काट दिया जाए। कांग्रेस जो फार्मूला देश में लागू करना चाहती है, उसे हमे रोकना होगा। कांग्रेस के खतरनाक मनसूबों को पूरा नहीं होने देगें। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे ओबीसी के आरक्षण की रक्षा करना है, मैं ओबीसी को संरक्षण दूंगा।

कांग्रेस की मंशा …जिन्दगी के साथ भी लूट जिन्दगी के बाद भी लूट

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कांग्रेस के एक्स-रे वाले हथकंडे से यदि आपके घर या लॉकर में कुछ रखा है तो उसे छीन लिया जाएगा। मंगलसूत्र रखा है तो उसे भी छीन लेगें। यदि दो घर है तो एक घर कांग्रेस ले लेगी। दो वाहन हैं तो एक कांग्रेस ले लेगी। आपसे सब कुछ छीन कर वो अपने वोट बैंक को देना चाहती है। कांग्रेस पीढ़ी दर पीढ़ी चलने वाली संपत्ति लूटना चाहती है। कांग्रेस की मंशा है कि जिदंगी के साथ भी लूट और जिदंगी के बाद भी लूट। कांग्रेस को भारतीय संविधान से नफरत है। वह समाज को आपस में लड़वाने के लिए तरह तरह के पैतरे अपना रही है। हमारी आस्था पर हमला कर रही है।

राम को ठुकराया..आप भी कांग्रेस को ठुकराये

पीएम ने कहा भगवान श्री राम को काल्पनिक बताने वाली कांग्रेस ने श्री रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण को ठुकरा दिया तो हमें भी कांग्रेस को चुनाव में ठुकरा देना चाहिए। कांग्रेस को सिर्फ राम मंदिर से नफरत नहीं है बल्कि मंदिर जाने वालों से भी नफरत है। बड़तूमा में संत रविदास मंदिर की जगह कांग्रेस ने कुछ और बनाने को कहा था।

विकास तभी आया जब कांग्रेस गई और भाजपा आई

मोदी ने कहा कि देश और विकास के लिए मजबूत सरकार क्यों जरूरी है। यह सागर के लोग जानते हैं। विकास तभी होता है जब सही नीतियां हो, सही विजन हो। देश में विकास तभी आया जब कांग्रेस गई और भाजपा आई। पहले मध्यप्रदेश की पहचान बीमारू राज्य की थी। आज मध्यप्रदेश विकास की नई उंचाईयों को छू रहा है। केन-बेतवा लिंक परियोजना का ऐतिहासिक काम शुरू हो गया है। सागर में सरकार ने मेडिकल कालेज बनवाया 50 हजार करोड़ की लागत से बीना में पेट्रो केमिकल कॉम्पलेक्स बनेगा। स्वास्थ्य, शिक्षा और पानी की सभी जरूरतें एक साथ पूरी हो रही हैं। यहां उद्योगों के लिए नये रास्ते खुलेंगे। डॉ. मोहन यादव और उनकी टीम लगातार इस दिशा में दिन रात काम कर रही है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना में अन्न वितरित किया जा रहा है। अगले पांच साल तक गरीबों को राशन की चिंता नहीं करना होगी।

Exit mobile version