नई दिल्ली। देश में कोरोनो वायरस को लेकर केंद्र सरकार ने चीन, हांगकांग, सिंगापुर, थाईलैंड, दक्षिण कोरिया और जापान से आने वाले यात्रियों के लिए RT-PCR टेस्ट अनिवार्य किया है। केंद्रीय मंत्री मांडविया ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह नियम दो दिनों बाद यानी अगले साल 1 जनवरी से लागू होगा।
बता दें कि भारत में वैसे तो कोरोना की स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन हाल ही में इसके मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है। 24 घंटे में कोरोना संक्रमित नए मरीजों का आंकड़ा 268 रिकॉर्ड किया गया, जो एक दिन पहले 188 था। जैसा कि हम पहले भी बता चुके हैं, कोरोना का ओमिक्रॉन सब-वेरिएंट BF.7 चीन, जापान, हांगकांग, ताइवान, दक्षिण कोरिया, फ्रांस, इटली, जर्मनी और ब्राजील जैसे देशों में हाहाकार मचा रहा है।
भारत में 220.08 करोड़ डोज लगे
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने गुरुवार सुबह आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक कोविड टीकाकरण के तहत अब तक कुल 220.08 करोड़ (95.13 करोड़ दूसरी डोज और 22.39 करोड़ प्रीकॉशन डोज) टीके लगाए जा चुके हैं। बीते 24 घंटों में देशभर में 99,231 टीके लगाए गए हैं।
3552 हैं भारत में सक्रिय मरीज
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक भारत में 3,552 सक्रिय मरीज हैं। सक्रिय मामलों की दर 0.01% प्रतिशत है, वहीं मरीजों का वर्तमान रिकवरी रेट 98.8% प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों के भीतर 182 लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ हुए हैं।