रॉस टेलर ने रिटायरमेंट लिया वापस, न्यूजीलैंड छोड़ा, अब समोआ की जर्सी में करेंगे डेब्यू

न्यूजीलैंड के पूर्व स्टार क्रिकेटर रॉस टेलर ने तीन साल बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी का ऐलान किया है। 41 साल के इस अनुभवी बल्लेबाज ने न्यूजीलैंड को अलविदा कहकर समोआ क्रिकेट टीम के लिए खेलने का निर्णय लिया है। उनके इस फैसले ने क्रिकेट फैंस और विशेषज्ञों को चौंका दिया है। टेलर ने सोशल मीडिया पर अपनी नई जर्सी के साथ फोटो पोस्ट करते हुए कहा कि यह सिर्फ खेल में वापसी नहीं है, बल्कि अपनी विरासत, संस्कृति और टीम के लिए योगदान देने का बड़ा अवसर है।

समोआ टीम में डेब्यू
रॉस टेलर अगले साल T20I वर्ल्ड कप के लिए समोआ को क्वालिफाई कराने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि वह हमेशा किसी न किसी रूप में टीम में योगदान देना चाहते थे और अब उन्हें मैदान पर खेलने का अवसर मिला है। टेलर अक्टूबर में ओमान में होने वाली वर्ल्ड कप एशिया-पैसिफिक क्वालिफाइंग सीरीज में समोआ की ओर से खेलेंगे। समोआ ग्रुप-3 में मेजबान देश और पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ मैच खेलेगा।

करियर की उपलब्धियां
रॉस टेलर ने 2006 में न्यूजीलैंड के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था और 2022 में अपना आखिरी मैच खेला। उन्होंने 112 टेस्ट मैचों में 7683 रन बनाए, जिसमें 19 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। वनडे में उन्होंने 236 मैचों में 8607 रन बनाए और 21 शतक और 51 फिफ्टी ठोकी। उनके करियर की ये उपलब्धियां उन्हें न्यूजीलैंड क्रिकेट का दिग्गज बनाती हैं।

समोआ में नई शुरुआत
रिटायरमेंट वापस लेने के बाद टेलर का फोकस युवाओं को कोचिंग देने, क्रिकेट किट दान करने और मैदान पर अनुभव साझा करने पर रहेगा। उनके समोआ जर्नी की शुरुआत अक्टूबर में होगी और क्रिकेट फैंस को इस दिग्गज के खेल में वापसी का बेसब्री से इंतजार है।

 

 

 

 

 

Exit mobile version