लीड्स में तूफानी शतक, अंग्रेजों को झकझोर दिया
लीड्स टेस्ट के दूसरे दिन टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत Rishabh Pant ने इंग्लैंड के खिलाफ जोरदार वापसी की। उन्होंने मात्र 146 गेंदों में 7वां टेस्ट शतक जड़ा, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल थे। खास बात यह रही कि उन्होंने शतक एक हाथ से छक्का मारकर पूरा किया, जिसने स्टेडियम का माहौल गरमा दिया।
आईपीएल में फ्लॉप, इंग्लैंड में सुपरहिट
आईपीएल 2025 में ऋषभ पंत का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। आखिरी मैच में उन्होंने जरूर शतक जमाया था, लेकिन उससे पहले उनका बल्ला खामोश था। टेस्ट सीरीज़ में आते ही उन्होंने इंग्लैंड की धरती पर शानदार फॉर्म में वापसी करते हुए आलोचकों को करारा जवाब दिया है।
एमएस धोनी को पीछे छोड़ रचा रिकॉर्ड
पंत के इस शतक के साथ उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी के टेस्ट रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। धोनी ने अपने करियर में 6 टेस्ट शतक लगाए थे, लेकिन कोई भी शतक एशिया के बाहर नहीं था। वहीं पंत अब तक 7 टेस्ट शतक जमा चुके हैं, जिनमें से 5 विदेशी धरती पर आए हैं।
विदेश में चमका पंत का बल्ला
ऋषभ पंत ने इंग्लैंड में 3, दक्षिण अफ्रीका में 1 और ऑस्ट्रेलिया में 1 शतक लगाया है। वह अब भारत के लिए विदेश में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले विकेटकीपर बन गए हैं। पंत ने 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ ही टेस्ट डेब्यू किया था और तब भी उन्होंने आखिरी मैच में शतक जड़ा था।
ग्लोबल विकेटकीपर रिकॉर्ड में शामिल
टेस्ट क्रिकेट में विकेटकीपर के रूप में सबसे ज्यादा 17 शतक ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट के नाम हैं। उनके बाद एंडी फ्लावर (12), लेस एम्स (8) आते हैं। अब एबी डिविलियर्स, संगकारा, मैट प्रायर और बीजे वाटलिंग जैसे दिग्गजों के साथ पंत भी 7 शतकों के क्लब में शामिल हो गए हैं।
प्रकाश कुमार पांडेय