रिंकू सिंह के लिए यह वक्त बेहद कठिन है और इसका असर टीम इंडिया पर भी पड़ सकता है। धाकड़ बल्लेबाज रिंकू सिंह के पिता को लिवर कैंसर स्टेज-4 बताया जा रहा है। जैसे ही 24 फरवरी को उन्हें यह सूचना मिली, रिंकू तुरंत अपने घर के लिए रवाना हो गए और फिलहाल अस्पताल में अपने पिता के पास मौजूद हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रिंकू के पिता की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
इस गंभीर पारिवारिक स्थिति के चलते रिंकू सिंह के आगामी मुकाबलों में खेलने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। टी20 विश्व कप के आने वाले मैचों में उनकी उपलब्धता पर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। टीम मैनेजमेंट भी हालात पर नजर बनाए हुए है।
लिवर कैंसर को लेकर कैंसर सर्जन डॉ. जयेश शर्मा का कहना है कि हर कैंसर गंभीर होता है, लेकिन स्टेज-4 में पहुंचने पर स्थिति बेहद संवेदनशील हो जाती है। मेडिकल आंकड़ों के अनुसार, स्टेज-4 लिवर कैंसर में 5 साल तक जीवित रहने की औसत संभावना केवल 3 से 5 प्रतिशत के बीच होती है। यानी इलाज के बाद भी बहुत कम मरीज लंबे समय तक जीवन जी पाते हैं। हालांकि डॉक्टर यह भी मानते हैं कि मरीज की शारीरिक स्थिति, इलाज की प्रतिक्रिया और मानसिक मजबूती भी अहम भूमिका निभाती है।
टीम इंडिया और क्रिकेट फैंस इस मुश्किल घड़ी में रिंकू सिंह और उनके परिवार के लिए दुआएं कर रहे हैं।




