मुंबई। टीवी और ग्लैमर की दुनिया आज सदमे में है। यहां की मशहूर एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा ने टीवी सीरियल के सेट पर ही फांसी लगा ली। जब तक उन्हें अस्पताल ले जाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत लाया गया घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि तुनिषा ने मेकअप रूम में अपनी जान दे दी। सब टीवी पर आने वाले अली बाबा: दास्तान-ए-काबुल में शहजादी मरियम का किरदार अदा करने वाली तुनिषा शर्मा टीवी इंडस्ट्री का एक जाना-माना नाम रही हैं।
हैरानी की बात यह है कि उन्होंने 6 घंटे पहले इंस्टाग्राम पर जो पोस्ट किया था, उसमें किसी तरह की निराशा या तनाव की बात नहीं थी। वे आशावादी और जीवन से भरपूर नजरिये की बात कर रही थीं, इसलिए लोग यह भी सवाल कर रहे हैं कि वह भला खुदकुशी कैसे कर सकती थीं।
तुनिषा ने अपनी पोस्ट में लिखा था, ‘जो अपने जुनून से प्रेरित होते हैं, कभी रुकते नहीं हैं’। 20 साल की तुनिषा ने अपने करियर की शुरुआत टीवी शो भारत का वीर पुत्र- महाराणा प्रताप से की थी। इसके बाद वह चक्रवर्ती अशोक सम्राट, गब्बर पूंछवाला, शेर-ए-पंजाब: महाराजा रणजीत सिंह, इंटरनेट वाला लव, इश्क सुभानअल्लाह और अली बाबा: दास्तान-ए-काबुल जैसे सीरियल्स में नजर आईं।