भारतीय रिज़र्व बैंक ने रेपो रेट में 0.25% की कटौती करते हुए इसे 5.25% कर दिया है। इससे आने वाले समय में लोन सस्ते होंगे और EMI में भी राहत मिलेगी। RBI के फैसले का मार्केट पर तगड़ा असर दिखा और सेंसेक्स-निफ्टी जोरदार उछाल के साथ कारोबार कर रहे हैं। विदेशी निवेशक लगातार बिकवाली कर रहे हैं, जबकि घरेलू निवेशक बाजार को संभाल रहे हैं।
रेपो रेट में कटौती, बाजार में तुरंत तेजी
RBI के फैसले के तुरंत बाद बाजार में जबरदस्त उत्साह देखा गया। सेंसेक्स 500 अंक चढ़कर 85,750 पर पहुंच गया। निफ्टी ने भी मजबूती दिखाई और 150 अंकों की छलांग के साथ 26,200 पर ट्रेड कर रहा है। HDFC बैंक और SBI जैसे दिग्गज बैंकिंग शेयरों में बढ़त देखने को मिली। सेंसेक्स के 30 में से 20 शेयर और निफ्टी के 50 में से 34 शेयर हरे निशान पर कारोबार कर रहे हैं। रियल्टी, IT और बैंकिंग सेक्टर में अच्छी खरीदारी जारी है।
एशियाई और अमेरिकी बाज़ारों का मिला-जुला रुख
एशियाई बाजार आज मिश्रित संकेतों के साथ खुले। कोरिया का कोस्पी 0.62% ऊपर 4,053 पर ट्रेड कर रहा है। जापान का निक्केई 1.10% गिरकर 50,465 पर और हांगकांग का हैंगसेंग 0.50% नीचे 25,805 पर है।
उधर, अमेरिकी बाजार में डाउ जोन्स 0.067% गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि नैस्डैक 0.22% और S&P 500 0.11% बढ़कर बंद हुए।
मीशो IPO में बंपर रिस्पॉन्स, दो दिन में 8.28 गुना सब्सक्रिप्शन
मीशो के IPO ने निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। 3 दिसंबर को खुले इस IPO को दो दिन में 8.28 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। रिटेल कैटेगरी में यह 9.65 गुना भरा है। इसके अलावा एकस लिमिटेड और विद्या वायर्स के IPO में भी आज निवेश का आखिरी मौका है।
FIIs की भारी बिकवाली, DIIs बन रहे मार्केट के सहारा
4 दिसंबर को विदेशी निवेशकों ने कैश सेगमेंट में ₹1,944.19 करोड़ की बिकवाली की, जबकि घरेलू निवेशकों ने ₹3,661.05 करोड़ की खरीद की।
दिसंबर के पहले 4 दिनों में FIIs कुल ₹9,964.72 करोड़ के शेयर बेच चुके हैं, जबकि DIIs ने इसी अवधि में ₹15,596.33 करोड़ खरीदे हैं।
नवंबर में FIIs ने ₹17,500 करोड़ की बिक्री की थी, जबकि DIIs ने ₹77,083 करोड़ की खरीदारी की—यानी बाजार अभी घरेलू निवेशकों के भरोसे खड़ा है।
नोट: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। liveindia.news अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।