रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर क्या बोले AAP के राज्यसभा सदस्य पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह

Ramlala Prana Pratishtha Aam Aadmi Party Rajya Sabha Member Member former cricketer Harbhajan Singh

अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में पीएम नरेन्द्र मोदी शाामिल होंगे। इस धार्मिक आयोजन के लिए कई सियासी दल के प्रमुखों को न्योता दिया गया है। इधर महेंद्र सिंह धोनी, सच‍िन तेंदुलकर, विराट कोहली, रव‍िचंद्रन अश्व‍िन समेत कई भारतीय क्रिकेटर्स को भी 22 जनवरी को होने वाले धार्मिक आयोजन के लिए ट्रस्ट की ओर से अयोध्या में राम मंद‍िर प्राण प्रत‍िष्ठा कार्यक्रम का न्योता दिया गया है।

क्रिकेटर और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने को लेकर दो टूक कहा कि कोई जाए या ना जाए। वे तो इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए जाएंगे। दरअसल, हरभजन सिंह का यह बयान कई राजनैत‍िक दलों की ओर से राम मंद‍िर प्राण प्रत‍िष्ठा कार्यक्रम के निमंत्रण ठुकराने के बाद सामने आया है। हरभजन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि वो जो कुछ भी हैं, भगवान के ही आशीर्वाद के कारण हैं। हरभजन ने कहा यह सौभाग्य है कि इस समय यह मंदिर बन रहा है। इसलिए हम सभी को जाना चाहिए और आशीर्वाद लेना चाहिए। कोई भी जाए या न जाए, क्योंकि उनकी स्वयं की भगवान में आस्था है। ऐसे में वे जरूर जाएंगे। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन सी पार्टी जाती है और कौन सी पार्टी नहीं,वे जाएंगे। हरभजन सिंह ने इस दौरान दूसरी पार्ट‍ियों पर भी तंज कसा और कहा कि अगर कांग्रेस को जाना है तो जाए, अगर किसी को उनके राम मंदिर जाने से कोई दिक्कत है, तो जो चाहें करें। वे भगवान में विश्वास करते हैं। उनकी जिंदगी में जो कुछ भी हो रहा है वो भगवान की कृपा से हो रहा है।

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य हैं हरभजन सिंह

पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह आम आदमी पार्टी की ओर से राज्यसभा के सदस्य हैं। उन्हें पार्टी ने पंजाब के कोटे से राज्यसभा में भेजा है। बता दें AAP ने पहले राम मंदिर में हो रहे इस आयोजन का विरोध किया था। फिर उसने राम मंदिर में रामलला की स्थापना वाले दिन दिल्ली, हरियाणा और गुजरात में सुंदरकांड कराने का फैसला लिया। राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सियासी बयानबाजी अब भी जारी है। दरअसल, कांग्रेस ही नहीं AAP सहित कई विपक्षी पार्टियों ने आरोप लगाया है कि बीजेपी इस धार्मिक आयोजन को राजनीतिक रंग देकर इसका फायदा उठाने की कोशिश कर रही है। हालांकि इस फैसले के बाद आम आदमी पार्टी की ओर से सुंदर कांड करवाने का फैसला लिया गया था। दिल्ली ही नहीं गुजरात के बाद राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में आम आदमी पार्टी ने हरियाणा में भी सुंदर कांड पाठ का आयोजन का फैसला लिया है।

दिल्ली में तीन दिवसीय AAP की रामलीला

दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार की ओर से आज से तीन दिनी भव्य रामलीला का आयोजन किया जाने जा रहा है। आईटीओ के समीप स्थित प्यारेलाल ऑडिटोरियम में यह आयोजन 22 जनवरी तक होगा। यह विशेष रामलीला में प्रवेश पूरी तरह से निशुल्क रखा गया है। कोई भी व्यक्ति यहां आकर रामलीला का आनंद ले सकता है। श्रीराम भारतीय कला केंद्र की ओर से शाम चार से सात बजे तक तीन घंटे रामलीला का लाइव मंचन किया जाएगा। दिल्ली सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार पहले सरकार ने विशाल ऑडिटोरियम भारत मंडपम में भव्य रामलीला मंचन की अनुमति मांगी थी। इसके लिए सरकार किराया भी देने को तैयार थी, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से इसकी अनुमति नहीं दी। दरअसल श्रीराम भारतीय कला केंद्र पिछले 60 साल से भव्य रामलीला का मंचन करता आ रहा है।

Exit mobile version