राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी के खुलासे के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की पहली अहम बैठक हुई। बैठक में महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफों को मंजूरी दे दी गई। इसके साथ ही ट्रस्ट में नए चेहरों को शामिल कर जिम्मेदारियों में बड़ा बदलाव किया गया है।
ट्रस्ट की अहम जिम्मेदारी फिलहाल पूर्व IFS अधिकारी कृष्ण मोहन संभालेंगे। वहीं सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी को भी ट्रस्ट का सदस्य बनाया गया है। विष्णु कांत चतुर्वेदी भारतीय सेना में 40 वर्षों से अधिक समय तक सेवा दे चुके हैं और संचालन व प्रशासनिक जिम्मेदारियों में उनके रणनीतिक नेतृत्व का लंबा अनुभव रहा है। नए बदलावों के बाद अब ट्रस्ट के सामने व्यवस्था की कमियों को दूर करने और जनता का विश्वास दोबारा मजबूत करने की बड़ी चुनौती होगी।
