Raksha Bandhan: राखी पर बहनों के लिए सरकारों के बड़े तोहफे, कहीं बस फ्री तो कहीं दो दिन तक मुफ्त सफर

रक्षाबंधन के त्योहार पर अपने भाइयों से मिलने के लिए घर जाने वाली महिलाओं और बेटियों के लिए कई राज्य सरकारों ने खास इंतजाम किए हैं। त्योहार के दौरान बसों में बढ़ने वाली भीड़ और महिलाओं की यात्रा को आसान बनाने के लिए मुफ्त यात्रा से लेकर अतिरिक्त बसों और सुरक्षा व्यवस्था तक कई फैसले लिए गए हैं। उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा में महिलाओं के लिए अलग-अलग तरह की सुविधाओं की घोषणा की गई है।

उत्तर प्रदेश में 27 से 29 अगस्त तक मुफ्त यात्रा

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन को देखते हुए महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा की अवधि बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। अब महिलाएं 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। खास बात यह है कि महिला यात्री अपने साथ एक सहयोगी को भी निशुल्क यात्रा करा सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि रक्षाबंधन के दौरान महिलाओं और बेटियों को घर पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो। परिवहन विभाग, पुलिस, यातायात पुलिस और स्थानीय प्रशासन को आपसी समन्वय से व्यवस्था संभालने को कहा गया है। शहरों के साथ-साथ एक्सप्रेसवे, हाईवे और प्रमुख मार्गों पर पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इसके अलावा नगर विकास विभाग की 900 से अधिक बसों को भी यात्रियों की सुविधा के लिए इस्तेमाल करने की तैयारी है। निजी बसों, ऑटो और टैक्सी चालकों के सत्यापन पर भी जोर दिया गया है, ताकि महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

राजस्थान में दो दिन रोडवेज बस फ्री

राजस्थान सरकार ने भी रक्षाबंधन पर महिलाओं और बालिकाओं को बड़ी राहत दी है। यहां 28 और 29 अगस्त को साधारण और एक्सप्रेस रोडवेज बसों में महिलाएं मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इस फैसले का मकसद बहनों को त्योहार के दौरान आने-जाने में किराए की परेशानी से राहत देना है।

हालांकि यह सुविधा सभी बसों में लागू नहीं होगी। वॉल्वो, एसी और लग्जरी बसों में यात्रियों को सामान्य किराया देना होगा। मुफ्त यात्रा की सुविधा राजस्थान की सीमा के भीतर ही मान्य रहेगी। राज्य की सीमा से बाहर जाने पर आगे की यात्रा का निर्धारित किराया देना होगा।

हरियाणा में महिलाओं के साथ बच्चों को भी राहत

हरियाणा सरकार ने भी रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है। खास बात यह है कि महिलाओं के साथ यात्रा करने वाले 15 साल तक के बच्चों को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा। राज्य के भीतर चलने वाली बसों के अलावा चंडीगढ़ और दिल्ली तक आने-जाने वाली साधारण बसों में भी यह सुविधा लागू रहेगी।

इन फैसलों से रक्षाबंधन पर मायके जाने वाली बहनों को यात्रा में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए तीनों राज्यों में परिवहन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस किया जा रहा है।

Exit mobile version