सीएम गहलोत मंत्रिमंडल से गुढ़ा को किया बर्खास्त,विधानसभा में की थी सरकार की खिलाफत

CM Gehlot cabinet

राजस्थान में सीएम अशोक गहलोत ने शुक्रवार को राज्यमंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा को पद से बर्खास्त कर दिया है। सीएम ने मंत्री को बर्खास्त करने की सिफारिश राज्यपाल से की थी, जिसे राज्यपाल कलराज मिश्र ने तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया। कहा जा रहा है कि सीएम गहलोत ने 21 जुलाई की शाम को ही राज्यपाल मिश्र से कैबिनेट सदस्य राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा को बर्खास्त करने की सिफारिश की थी। ऐसे में राज्यपाल ने भी बिना देर किये सीएम गहलोत की इस सिफारिश को स्वीकार कर लिया। गुढ़ा को मंत्रिमंडल से बर्खास्तगी का अब तक कोई कारण नहीं बताया गया है।

वहीं मंत्री राजेंद्र सिंह की बर्खास्तगी पर बीजेपी ने सीएम गहलोत पर पलटवार किया है। केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा सीएम गहलोत के राज में सच बोलना मना है। शेखावत ने गहलोत सरकार पर हमला बोलते हुए ट्वीट किया। जिसमें लिखा कि गहलोत राज में सच बोलना मना है। सीएम गहलोत में सत्य स्वीकार करने का साहस नहीं बचा है। मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने विधानसभा में सच कह दिया तो सीएम गहलोत को बुरा लग गया। इतना बुरा लगा कि गुढ़ा को उन्होंने पद से ही हटा दिया। शेखावत ने कहा गहलोत साहब ने इस तरह अपने साथियों को ही चेतावनी दे दी है। जो सच बोलेगा उसे बख्शा नहीं जायेगा।

राजस्थान में बढ़ रहे महिलाओं पर अत्याचार—गुढ़ा

दरअसल मंत्री गुढ़ा ने राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों को लेकर अपनी ही पार्टी की सरकार की आलोचना की थी। गुढ़ा ने राज्य विधानसभा में बोलते हुए कहा था कि यह स्वीकार किया जाना चाहिए कि राजस्थान सरकार महिला सुरक्षा में विफल रही है। गुढ़ा ने यह भी कहा कि मणिपुर के बजाय हमें अपने में झांकना चाहिए। आज राजस्थान में महिलाओं पर अत्याचार क्यों बढ़ रहे हैं।

Exit mobile version