राजस्थान में रिवाज के भरोसे बीजेपी, चुनाव से पहले कोर कमेटी में होगा बड़ा बदलाव

Rajasthan BJP Core Committee

राजस्थान में विधानसभा चुनाव होना हैं। राजस्थान उन राज्यों में शुमार है जहां हर पांच साल में सत्ता बदलने का रिवाज चला आ रहा है। ऐसे में विपक्ष में बैठी बीजेपी को इस मरुभूमि में अपने लिए संभावनाएं नजर आ रही है। जिसके चलते चुनाव से पहले पार्टी संगठन को चुस्तदुरुस्त किया जा रहा है। इसी के चलते राजस्थान भाजपा में संगठनात्मक दृष्टि से सबसे महत्वपूर्ण निर्णय लेने वाली कोर कमेटी में जल्द ही बदलाव देखने को मिल सकता है।

राजस्थान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेता में हुए बदलाव के बाद कमेटी में बदलाव होना तय है। पार्टी से जुडे़ सूत्र बताते हैं कि नेता प्रतिपक्ष के रूप में गुलाब चंद कटारिया इस कमेटी के सदस्य थे। जिन्हें असम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। संवैधानिक पद पर नियुक्ति के बाद कटारिया की इस कमेटी से स्वतः ही सदस्य खत्म हो गई है। ऐसे में उनकी जगह कमेटी में नए सदस्य की नियुक्ति होगी। वहीं बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी कमेटी के सदस्य के रूप में पहले से ही कार्य कर रहे हैं। ऐसे में उनका सिर्फ स्थान ही बदलेगा। अब कमेटी की बैठक उनकी अध्यक्षता में हुआ करेगी।

पूनिया रहेंगे या हटेंगे संगठन करेगा तय

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया कोर कमेटी में प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर सदस्य थे। अब वे इसमें रहेंगे या नहीं यह पार्टी को तय करना है। माना जा रहा है कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के नाते कमेटी में उनका स्थान बरकरार रह सकता है। ऐसा हुआ तो नए नेता प्रतिपक्ष कौन बनता है। कमेटी में नए सदस्य की नियुक्ति इसी पर निर्भर रहेगी।

केन्द्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल हुआ तो पड़ेगा असर

केंद्र की मोदी सरकार में आने वाले समय में यदि किसी तरह का कोई फेरबदल हुआ तो कोर कमेटी में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। मौजूदा दौर में राजस्थान के तीन सांसद केंद्र में मंत्री हैं। केन्द्रीय मंत्री होने के नाते तीनों को कमेटी में शामिल किया गया है। केन्द्रीय मंत्रिमंडल फेरबदल होने की स्थिति में राजस्थान से मंत्रियों की संख्या बढ़ती है या घटती है तो इसका असर भी कमेटी पर पड़ेगा।

फिलहाल ये नेता हैं कोर कमेटी के सदस्य

बता दें फिलहाल कमेटी के सदस्यों में वसुंधरा राजे, सतीश पूनिया,, ओम प्रकाश माथुर, गजेन्द्र सिंह शेखावत, सी पी जोशी, चन्द्रशेखर, राजेन्द्र राठौड़, अर्जुन राम मेघवाल, कैलाश चौधरी, कनक मल कटारा और राजेन्द्र गहलोत,इस कमेटी के सदस्य हैं। वहीं प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव, अल्का सिंह गुर्जर और विजया राहटकर इस कमेटी के विशेष आमंत्रित सदस्यों में शामिल हैं।

Exit mobile version