राजा रघुवंशी हत्याकांड…सुरक्षा गार्ड और मकान मालिक को क्लीन चीट, चार्जशीट से हटे नाम

Raja Raghuvanshi murder case

राजा रघुवंशी हत्याकांड…सुरक्षा गार्ड और मकान मालिक को क्लीन चीट, चार्जशीट से हटे नाम

इंदौर/शिलांग। इंदौर के चर्चित कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक बड़ा और अहम मोड़ सामने आया है। मामले की जांच पूरी होने के बाद शिलांग पुलिस ने अपनी अंतिम चार्जशीट दाखिल कर दी है, जिसमें सुरक्षा गार्ड और मकान मालिक के नाम शामिल नहीं किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि सबूतों के अभाव में दोनों को क्लीन चीट दी गई है।

पांच आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त में

इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में पुलिस ने राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी सहित उसके चार साथियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल सोनम, राज कुशवाहा, आनंद, आकाश और विशाल पुलिस हिरासत में हैं। सभी आरोपियों से अलग-अलग एंगल पर पूछताछ की जा रही है और जांच की प्रक्रिया अभी भी जारी है।

सुरक्षा गार्ड और मकान मालिक चार्जशीट से बाहर

शिलांग पुलिस द्वारा दाखिल चार्जशीट में सुरक्षा गार्ड बलबीर अहिरवार उर्फ बल्लू और संपत्ति मालिक लोकेंद्र सिंह तोमर के नाम शामिल नहीं किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान इनके खिलाफ कोई ठोस और निर्णायक सबूत नहीं मिले, जिसके चलते इन्हें चार्जशीट से बाहर रखा गया है।

एसपी ने बताई शुरुआती गिरफ्तारी की वजह

पूर्वी खासी हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक विवेक सिएम ने बताया कि जांच के शुरुआती चरण में परिस्थितियों के चलते इन दोनों की गिरफ्तारी की गई थी। हालांकि, आगे की जांच में पर्याप्त सबूत न मिलने पर उन्हें क्लीन चीट दे दी गई।

परिवार ने जताई नाराजगी

वहीं राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी का कहना है कि भले ही चार्जशीट में इन दोनों के नाम न हों, लेकिन परिवार उन्हें पूरी तरह बरी मानने को तैयार नहीं है। परिवार ने मामले में निष्पक्ष और गहन जांच की मांग दोहराई है।

हनीमून ट्रिप से शुरू हुआ था रहस्य

राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद 20 मई को दोनों हनीमून के लिए रवाना हुए। पहले बेंगलुरु, फिर गुवाहाटी में मां कामाख्या के दर्शन और इसके बाद 23 मई को दोनों मेघालय के शिलांग पहुंचे।

ओसरा हिल में मिली आखिरी लोकेशन

शिलांग पहुंचने के बाद कुछ समय तक परिवार से संपर्क बना रहा, लेकिन फिर अचानक बातचीत बंद हो गई। पुलिस जांच में दंपति की आखिरी लोकेशन शिलांग के संवेदनशील इलाके ओसरा हिल में सामने आई। वहीं से उनकी किराए की एक्टिवा लावारिस हालत में बरामद हुई।

गहरी खाई से मिला राजा का शव

लगातार तलाशी के बाद पुलिस को राजा रघुवंशी का शव एक गहरी खाई से मिला, जिसके बाद मामला हत्या में तब्दील हो गया। बाद में सोनम के मिलने पर जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस हत्याकांड की मास्टरमाइंड वही थी।

Exit mobile version