Monsoon in Madhya Pradesh: MP में चार दिन बारिश के आसार, 47 जिलों में बरसेंगे बादल

Rain likely in MP

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी बनी हुई है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक राहत भरी बारिश का अनुमान जताया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 23 जुलाई तक प्रदेश के करीब 90 प्रतिशत हिस्से में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान 4 से 5 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। सोमवार को दमोह, मंडला और डिंडौरी के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं राजधानी भोपाल, इंदौर समेत 47 जिलों में गरज-चमक, तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

प्रदेश में 16 प्रतिशत कम बारिश

मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, जुलाई के पिछले 12 दिनों से प्रदेश में कहीं भी व्यापक स्तर पर भारी बारिश नहीं हुई है। इसका असर प्रदेश के कुल वर्षा आंकड़ों पर साफ दिखाई दे रहा है। अब तक मध्य प्रदेश में 261.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य औसत 311.8 मिमी है। यानी प्रदेश में अब तक 16 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों में स्थिति ज्यादा चिंताजनक है, जहां सामान्य से 23 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। वहीं पश्चिमी हिस्से में भी 10 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, देवास, शाजापुर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

वहीं नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन और आगर-मालवा में बादल छाए रहने का अनुमान है, लेकिन फिलहाल बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

39 जिलों में बारिश की कमी

प्रदेश के 39 जिलों में अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। इनमें अनूपपुर, बालाघाट, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मंडला, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, छिंदवाड़ा, बैतूल, रायसेन, नर्मदापुरम, शिवपुरी, विदिशा, गुना, धार और अन्य जिले शामिल हैं।

16 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा

दूसरी ओर भोपाल, इंदौर, उज्जैन, देवास, सीहोर, राजगढ़, ग्वालियर, भिंड, हरदा, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, मंदसौर, नीमच, आगर-मालवा और निवाड़ी जैसे 16 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने से प्रदेश में वर्षा की कमी कुछ हद तक पूरी होने की उम्मीद है। हालांकि किसानों और आम लोगों को आंधी, बिजली गिरने और तेज बारिश के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version