Railway Employees Bonus: त्योहारी सीजन में रेलवे कर्मचारियों को बड़ी सौगात, 78 दिन के वेतन के बराबर मिलेगा बोनस

Railway Employees Bonus: त्योहारी सीजन में रेलवे कर्मचारियों को बड़ी सौगात, 78 दिन के वेतन के बराबर मिलेगा बोनस

त्योहारों से पहले रेलवे में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए खुशखबरी आई है। केंद्र सरकार ने रेलकर्मियों को 78 दिनों के वेतन जितना बोनस देने का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई। इस फैसले से लगभग 10.91 लाख कर्मचारी लाभान्वित होंगे और सरकार पर कुल 1865.68 करोड़ रुपये का वित्तीय बोझ आएगा। दुर्गा पूजा और दिवाली से पहले लिया गया यह कदम रेलवे कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान लाने वाला साबित होगा।

10.91 लाख रेलकर्मी होंगे लाभान्वित
सरकार द्वारा स्वीकृत प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) का भुगतान हर साल दशहरा या दुर्गा पूजा से पहले किया जाता है। इस बार भी लगभग 10.91 लाख रेलवे कर्मचारियों को 78 दिन के वेतन के बराबर बोनस मिलेगा। यह बोनस कर्मचारियों के प्रदर्शन और रेलवे की उत्पादकता बढ़ाने के योगदान को देखते हुए दिया जा रहा है।

अधिकतम 17,951 रुपये तक का बोनस
प्रत्येक पात्र कर्मचारी को इस योजना के तहत अधिकतम 17,951 रुपये तक का बोनस मिलेगा। इसका लाभ ट्रैक मेंटेनर, स्टेशन मास्टर, ट्रेन मैनेजर, लोको पायलट, तकनीशियन, पॉइंट्समैन, पर्यवेक्षक और मंत्रालयिक कर्मचारियों सहित ग्रुप ‘सी’ कर्मचारियों को मिलेगा। रेलवे ने वर्ष 2024-25 में रिकॉर्ड प्रदर्शन किया है, जिसमें 1614.90 मिलियन टन माल और करीब 7.3 बिलियन यात्रियों की ढुलाई की गई।

त्योहारी खरीददारी को मिलेगा बढ़ावा
विशेषज्ञों का मानना है कि बोनस मिलने से बाजार में खरीददारी की रफ्तार और बढ़ेगी। पहले सरकार ने कई सामानों पर जीएसटी में छूट देकर उपभोक्ताओं को राहत दी थी और अब बोनस का यह ऐलान त्योहारों में खपत को और बढ़ा देगा। कार, बाइक, कपड़े और घरेलू सामान की मांग में तेजी देखने की उम्मीद है। इससे अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

सरकार और कर्मचारियों दोनों के लिए लाभकारी

रेलवे कर्मचारियों के लिए यह बोनस न केवल त्योहारी तोहफा है बल्कि उनके कड़े परिश्रम की सराहना भी है। वहीं सरकार के लिए यह फैसला अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन देने की रणनीति का हिस्सा है। उम्मीद है कि बोनस राशि का उपयोग ज्यादातर कर्मचारी घरेलू और व्यक्तिगत जरूरतों को पूरा करने में करेंगे, जिससे बाजार की रौनक और बढ़ेगी।

Exit mobile version