राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में हल्का-फुल्का अंदाज
कटिहार-पूर्णिया में मखाना किसानों से मिले, पप्पू यादव पर कर दी मजेदार टिप्पणी
बिहार में SIR के खिलाफ कांग्रेस की अगुवाई में शुरू हुई वोटर अधिकार यात्रा शनिवार को कटिहार और पूर्णिया पहुंची। इस यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ सांसद पप्पू यादव और तारिक अनवर भी मौजूद रहे। किसानों से मुलाकात और उनकी समस्याएं सुनने के बीच राहुल गांधी ने पप्पू यादव को देखकर एक मजेदार टिप्पणी कर दी, जिस पर वहां मौजूद लोग हंस पड़े।
मखाना किसानों से मुलाकात
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने इस दौरान मखाना किसानों से बातचीत की। किसानों ने बताया कि पौष्टिक और महंगे बिकने के बावजूद उन्हें उचित दाम नहीं मिलता। राहुल ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान का भरोसा दिलाया।
पप्पू यादव पर राहुल की चुटकी
चर्चा स्वास्थ्य और पौष्टिकता पर हो रही थी। तभी पूर्णिया सांसद पप्पू यादव बाइक से उतरकर राहुल गांधी से मिले। मुस्कुराते हुए राहुल ने मजाकिया लहजे में कहा “वजन और पेट भी कम कीजिए।” इस टिप्पणी पर वहां मौजूद लोग हंस पड़े और यात्रा आगे बढ़ गई।
कटिहार-पूर्णिया सीट का पुराना विवाद
2024 लोकसभा चुनाव के दौरान कटिहार और पूर्णिया सीट को लेकर कांग्रेस और पप्पू यादव के बीच मतभेद हुए थे। लालू यादव कटिहार सीट तारिक अनवर के बजाय राजद उम्मीदवार को देना चाहते थे, जबकि पप्पू यादव पूर्णिया सीट पर कांग्रेस को तैयार नहीं कर पाए। अंततः सोनिया गांधी के वीटो के बाद कटिहार कांग्रेस नेता तारिक अनवर को मिली और पप्पू यादव ने निर्दलीय लड़ाई लड़ी। नतीजा यह हुआ कि दोनों ही सांसद बन गए—तारिक कांग्रेस से और पप्पू यादव निर्दलीय होकर भी कांग्रेस का समर्थन कर रहे हैं।
कांग्रेस विचारधारा के समर्थक
वोटर अधिकार यात्रा में पप्पू यादव अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर शामिल हुए। वे भले ही तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री बनने पर टिप्पणी करने से बचते हैं, लेकिन खुद को कांग्रेस विचारधारा और राहुल गांधी का समर्थक बताते हैं।
हल्के अंदाज से गंभीर संदेश
राहुल गांधी का यह अंदाज दिखाता है कि वे राजनीतिक यात्रा में भी हास्य और सहजता का पुट डालना नहीं भूलते। किसानों की समस्याएं सुनने और स्वास्थ्य पर चर्चा के बीच पप्पू यादव पर की गई उनकी मजाकिया टिप्पणी ने माहौल को हल्का कर दिया। प्रकाश कुमार पांडेय