संसद में बड़ा टकराव! Rahul Gandhi ने बिट्टू को कहा गद्दार, हाथ मिलाने से इनकार

बुधवार को संसद परिसर उस वक्त सियासी तनाव का गवाह बना, जब कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी तथा केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखा विवाद हो गया। दोनों नेताओं के बीच हुई यह झड़प देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गई। घटना मकर द्वार के पास की है, जहां कांग्रेस सांसद विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान रवनीत सिंह बिट्टू वहां से गुजर रहे थे। तभी राहुल गांधी ने उन्हें देखकर टिप्पणी करते हुए कहा कि “एक गद्दार यहां से गुजर रहा है।” राहुल यहीं नहीं रुके, उन्होंने बिट्टू का नाम लेते हुए तंज कसा और आसपास मौजूद सांसदों से उनका चेहरा देखने की बात कही। इसके बाद राहुल गांधी ने बिट्टू की ओर हाथ बढ़ाकर व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, “नमस्ते भाई, मेरे गद्दार दोस्त। चिंता मत करो, तुम वापस आ जाओगे।” राहुल की इस बात पर केंद्रीय मंत्री बिट्टू भड़क गए। उन्होंने तुरंत पलटवार करते हुए कहा कि उनका देश के दुश्मनों से कोई संबंध नहीं है और ऐसे आरोप पूरी तरह अस्वीकार्य हैं। बिट्टू ने राहुल से हाथ मिलाने से भी इनकार कर दिया। यह पूरा घटनाक्रम बजट सत्र के दौरान हुआ, जहां पहले से ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच माहौल गरमाया हुआ है। राहुल गांधी के चीन, ट्रेड डील और हाल ही में विपक्ष के सांसदों के निलंबन जैसे मुद्दों ने टकराव को और तीखा कर दिया है। इस ताजा विवाद ने संसद के सियासी तापमान को और बढ़ा दिया है।

 

Exit mobile version