एमपी में पार्टी को पुनर्जीवित करने कोशिश में राहुल गांधी…राहुल की क्लास..जानें कौन होगा फेल कौन होगा पास…
कांग्रेस नेता राहुल गांधी 3 जून को भोपाल दौरे पर रहेंगे, जहां वे मध्य प्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक पुनर्गठन के लिए “संगठन सृजन अभियान” की शुरुआत करेंगे। यह अभियान कांग्रेस को जमीनी स्तर पर पुनः सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू किया जा रहा है। जिससे युवाओं, किसानों, श्रमिकों और वंचित वर्गों को पार्टी से जोड़ा जा सके।
दरअसल मध्यप्रदेश में कांग्रेस सत्ता में वापसी के लिए बेकरार नजर आ रही है। हालांकि एमपी विधानसभा के चुनाव में अभी करीब 3 साल से ज्यादा का समय है लेकिन पार्टी के सभी क्रियाकलाप इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए ही चल रहे हैं।
कार्यक्रम का संभावित शेड्यूल
सुबह 11:00 – 12:00 बजे: प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक।
दोपहर 12:00 – 12:30 बजे: विधायकों और राज्यसभा सांसदों के साथ बैठक।
दोपहर 12:30 – 1:30 बजे: AICC द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों और प्रभारियों के साथ बैठक।
दोपहर 1:30 – 2:30 बजे: आरक्षित समय।
दोपहर 2:30 – 4:00 बजे: रवींद्र भवन में AICC डेलीगेट्स, पीसीसी डेलीगेट्स, जिलाध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों का अधिवेशन।
2023 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद पार्टी लोकसभा चुनाव में भी एमपी की सभी 29 सीटें गंवा बैठी। इतना ही नहीं, कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता भी बीजेपी में शामिल हो गए। ऐसे में पस्त पड़ी कांग्रेस में नई जान फूंकने के लिए प्रदेश की कमान जीतू पटवारी को सौंपी गई थी। अब कार्यकर्ताओं में उत्साह जगाने के लिए स्वयं राहुल गांधी भी सक्रिय होते नजर आ रहे हैं। मंगलवार 3 जून को राहुल गांधी का मध्यप्रदेश दौरा इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। राहुल गांधी भोपाल में कई घंटों तक कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष से लेकर पार्टी विधायक और राज्यसभा सांसदों तक की क्लास लेंगे।
पीसीसी में राहुल गांधी सुबह से शाम तक एक्टिव रहेंगे। वे मध्यप्रदेश में संगठन सृजन अभियान का आगाज करेंगे। अभियान के अंतर्गत कांग्रेस पार्टी ने मध्यप्रदेश में संगठन को मजबूत बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए आम कार्यकर्ता ही नहीं पदाधिकारियों से लेकर पार्टी के विधायकों और वरिष्ठ नेताओं में समन्वय बनाकर आने वाले चुनाव के लिए पार्टी को खड़ा करना और उसका आधार तैयार किया जाएगा। राहुल गांधी इस दौरान पीसीसी में पार्टी प्रदेश पदाधिकारियों, राज्यसभा सांसदों और विधायकों के साथ ही भोजन भी करेंगे।
दौरे का मुख्य उद्देश्य
राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस के संगठनात्मक पुनर्गठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे पार्टी के विभिन्न स्तरों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलकर संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाएंगे।
अभियान का महत्व
“संगठन सृजन अभियान” के तहत कांग्रेस पार्टी प्रदेश में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का प्रयास करेगी। इस अभियान के माध्यम से युवाओं, किसानों, श्रमिकों और वंचित वर्गों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
रवीन्द्र भवन में कांग्रेस अधिवेशन
रविन्द्र भवन में मंगलवार की सुबह सबसे पहले मध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में राजनैतिक मामलों की समिति की बैठक होने वाली है। जिसमें आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर अहम चर्चा होगी। राहुल गांणी करीब 1 घंटे की इस बैठक के बाद पार्टी के सभी विधायकों और राज्यसभा सांसदों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वे प्रदेश में पार्टी संगठन के पुनर्गठन और नेतृत्व के संबंध में पर्यवेक्षकों और प्रभारियों के साथ मंथन करेंगे।..(प्रकाश कुमार पांडेय)