राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा, आम चुनाव से पहले कांग्रेस का खास सफर

Rahul Gandhi India Jodo Nyay Yatra General Election 2024 Congress journey

अयोध्या में इसी माह 22 जनवरी को राम लला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह होने जा रहा है। इससे पहले 14 जनवरी से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निकाल रहे हैं। राहुल गांधी की इस तरह की ये दूसरी लंबी यात्रा है। यह यात्रा लोकसभा चुनाव के ठीक पहले शुरू हो रही है। यात्रा पहले इम्फाल के पैलेस ग्राउंड से प्रारंभ होना थी। लेकिन राज्य सरकार से इजाजत न मिलने के चलते अब ये यात्रा मणिपुर के ही थौबल जिले में स्थित खोंगजोम से शुरू होगी। हालांकि पहले तो राज्य सरकार ने यात्रा की अनुमति देने से ही साफ मना कर दिया था, लेकिन बाद में कुछ शर्तों के परमिशन दे दी।

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में आज रविवार 14 जनवरी को मणिपुर से भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आगाज होने जा रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई दिग्गज नेता दिल्ली से मणिपुर के लिए विमान में रवाना हो चुके हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा को मणिपुर के थोबल से शुरू किया जाएगा। राहुल गांधी इंफाल से 25 किमी दूर थौबल जिले से यात्रा शुरू करेंगे। मणिपुर से शुरू होकर यात्रा करीब 6,713 किलोमीटर का सफर तय करते हुए 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी। इस दौरान राहुल गांधी पार्टी के करीब 60 से 70 वरिष्ठ नेताओं के साथ बस से सफर करते हुए यह दूरी तय करेंगे। इसके साथ ही प्रमुख जगहों पर वह पैदल मार्च भी करेंगे।

यात्रा करीब 15 राज्यों को कवर करेगी— भारत जोड़ो न्याय यात्रा से INDIA गठबंधन को मिलेगा लाभ

कांग्रेस को उम्मीद है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा से आगामी लोकसभा चुनावों में पार्टी की संभावनाओं पर सकारात्मक रुप से प्रभाव पड़ेगा। राहुल गांधी की यह देशव्यापी भारत जोड़ो यात्रा की दूसरी कड़ी है। भारत जोड़ों यात्रा में कांग्रेस नेता ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा की थी। करीब 3500 किलोमीटर की भारत जोड़ो यात्रा देश के 12 राज्यों से होकर गुजरी थी। वहीं अब ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा देश के 15 राज्यों को कवर करेगी।

राहुल गांधी असम में करेंगे 833 किलोमीटर का सफर

वहीं मणिपुर के बाद असम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत 18 जनवरी से की जाएगी। यह यात्रा पड़ोसी राज्य नगालैंड से असम के शिवसागर जिले में दाखिल होगी। जहां से अगले 8 दिन तक राज्य के करीब 17 जिलों से होकर गुजरेगी। इस दौरान भारत जोड़ो न्याय यात्रा राज्य में करीब 833 किमी का सफर तय करेंगे। बता दें असम के शिवसागर जिले में स्थित अमगुरी और जोरहाट जिले के मारियानी क्षेत्र में राहुल गांधी की दो जनसभाओं का भी आयोजन होगा।
जनसभा से पहले राहुल गांधी अमगुरी के साथ मारियानी में रोड शो भी करने वाले हैं। 20 जनवरी को भारत जोड़ो न्याय यात्रा लखीमपुर शहर के बाद लालुक, हरमाती और नाउबोइचा के रास्त अरुणाचल प्रदेश में दाखिल होगी। अरुणाचल के ईटानगर में रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन फिर से यात्रा असम के गोहपुर में दाखिल होगी। जहां बिश्वनाथ और सोनितपुर जिले से होते हुए नागौन जिले में पहुंचेगी।

यात्रा से पहले कांग्रेस में बिखराव, मिलिंद देवड़ा ने छोड़ी कांग्रेस

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। मुंबई में कांग्रेस के बड़े नेता मिलिंद देवड़ा ने पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। देवड़ा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। वे आज रविवार 14 जनवरी को एकनाथ शिंदे वाली शिवसेना में शामिल होंगे। बता दें पहले ही अटकलें लगाई जा रही थी कि मिलिंद कांग्रेस छोड़ एकनाथ के नेतृत्व वाली शिवसेना का दामन थाम सकते हैं। इस बीच देवड़ा ने सोशल मीडिया पर इसकी पुष्टि भी कर दी और बताया कि उनकी राजनीतिक यात्रा के एक महत्वपूर्ण अध्याय का आज समापन हो गया है। उन्होंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। देवड़ा ने लिखा कांग्रेस पार्टी के साथ उनके परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता आज खत्म हो गया। वे वर्षों से उनका अटूट समर्थन करने के लिए सभी नेताओं, साथियों और कार्यकर्ताओं का आभारी हैं।

Exit mobile version