पद गया, तेवर नहीं! राघव चड्ढा का पहला पोस्ट—‘इविल आई’ इमोजी के साथ दिया सियासी संदेश
राज्यसभा उपनेता पद से हटने के बाद वीडियो शेयर कर दिखाए अपने मुद्दे, AAP में बदलाव पर सियासत तेज
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के भीतर बड़े बदलाव के बाद अब सियासी संदेश सोशल मीडिया पर भी दिखने लगे हैं। राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा ने अपना पहला पोस्ट शेयर किया, जिसने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।
‘इविल आई’ इमोजी के साथ संकेत
राघव चड्ढा ने अपने पोस्ट में ‘नजर न लगे’ वाली (इविल आई) इमोजी का इस्तेमाल किया। इसके साथ उन्होंने 2 मिनट 45 सेकेंड का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वे संसद में उठाए गए अपने प्रमुख मुद्दों को दिखाते नजर आए। यह पोस्ट साफ तौर पर यह संदेश देता है कि पद भले बदल गया हो, लेकिन उनकी सक्रियता और मुद्दों की राजनीति जारी रहेगी।
वीडियो में उठाए कई अहम मुद्दे
वीडियो में राघव चड्ढा कई जनसरोकार के मुद्दों पर बोलते दिख रहे हैं
- मिडिल क्लास पर टैक्स का बोझ
- डेटा एक्सपायरी समस्या
- पैटरनिटी लीव
- बैंक मिनिमम बैलेंस चार्ज
- फूड एडल्टरेशन
- एयर पॉल्यूशन
- हेल्थ इंश्योरेंस पर GST
- एयरपोर्ट पर महंगा खाना
- पेपर लीक और रिचार्ज ‘स्कैम’
इस तरह उन्होंने अपने कामकाज का “रिपोर्ट कार्ड” भी पेश किया।
AAP में बदलाव: मित्तल बने नए उपनेता
आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा की जगह अशोक कुमार मित्तल को राज्यसभा में उपनेता की जिम्मेदारी दी है। मित्तल ने इस बदलाव को “सामान्य प्रक्रिया” बताते हुए कहा कि पार्टी में जिम्मेदारियां समय-समय पर बदलती रहती हैं और वे चड्ढा से सीख लेकर आगे काम करेंगे।
पार्टी की प्रतिक्रिया
इस पूरे घटनाक्रम पर संजय सिंह ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो जानकारी देनी थी, वह राज्यसभा सचिवालय को दे दी गई है।
संकेतों की राजनीति
राघव चड्ढा का यह पोस्ट सिर्फ एक वीडियो नहीं, बल्कि एक सियासी संकेत माना जा रहा है कि भले ही पद बदला हो, लेकिन उनकी भूमिका और सक्रियता बरकरार है। सियासत में कभी-कभी शब्द नहीं… एक इमोजी भी बड़ा संदेश दे जाता है।