डिलीवरी बॉय बने Raghav Chadha, जमीनी हकीकत समझने निकले सांसद

आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा इन दिनों एक अलग ही अंदाज में नजर आए। उन्होंने खुद डिलीवरी बॉय बनकर लोगों के घर सामान पहुंचाया, ताकि इस काम से जुड़े लोगों की मुश्किलों को करीब से समझ सकें। राघव चड्ढा ने इससे जुड़ा एक वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर शेयर किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो करीब 40 सेकेंड का है। इसमें देखा जा सकता है कि राघव चड्ढा डिलीवरी बॉय की ड्रेस पहनकर घर से निकलते हैं। बाहर एक डिलीवरी कर्मी अपने स्कूटर के साथ खड़ा होता है। राघव उसके पास पहुंचते हैं, बैग उठाते हैं और हेलमेट पहनकर स्कूटर पर पीछे बैठ जाते हैं। इसके बाद वह एक जगह से ऑर्डर लेते हैं और फिर उसे ग्राहक के घर तक पहुंचाने के लिए निकल पड़ते हैं।

इस वीडियो के साथ राघव चड्ढा ने लिखा,
“बोर्डरूम से दूर, जमीनी स्तर पर। मैंने उनका दिन जिया। जुड़े रहिए।”

वीडियो के आखिर में “स्टे ट्यून” लिखा दिखाई देता है, जिससे साफ है कि आगे भी इससे जुड़ी और बातें सामने आ सकती हैं। लोगों को राघव चड्ढा का यह अंदाज काफी पसंद आ रहा है और सोशल मीडिया पर उनकी तारीफ हो रही है।

Exit mobile version