सतना कलेक्टर और निगमायुक्त ने किया संघ के ध्वज को प्रणाम,कांग्रेस ने क्यों जताया एतराज?

Satna Collector Corporation Commissioner

सतना में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक कार्यक्रम में कलेक्टर अनुराग वर्मा और नगर निगम आयुक्त राजेश शाही की मौजूदगी ने सियासी रंग ले लिया है। इस पर कांग्रेस सवाल उठा रही है। सतना कलेक्टर और नगर निगम कमिश्नर संघ के कार्यक्रम में ध्वज प्रार्थना करते तस्वीर में साफ नजर आ रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने इस तस्वीर को साझा करते हुए इन दोनों अफसरों पर कार्रवाई की मांग की है।

दोनों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

कांग्रेस से राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने रविवार को एक ट्वीट करते हुए दोनों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चुनाव आयोग से इसकी शिकायत करते हुए लिखा है कि सतना में आरएसएस के एक कार्यक्रम में कलेक्टर और नगर निगमायुक्त ने शामिल होकर नियमों का उल्लंघन किया है। संघ के ध्वज प्रणाम करने की तस्वीर में कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त दिखाई दे रहे हैं। विवेक तन्खा ने अपनी शिकायत में लिखा है कि ऐसे में लोक अधिकारी निष्पक्ष चुनाव कैसे करा पाएंगे। निर्वाचन आयोग ऐसे सब अधिकारियों को चुनाव संबंधित तैयारियों से दूर रखें। साथ ही उन्होंने मुख्य सचिव से भी ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपेक्षा की है। और लिखा कि क्या चीफ सेक्रेटरी ऐसा करेंगे। दरअसल सीएस को रिटायरमेंट के बाद दूसरा एक्सटेंशन दिया गया है। प्रदेश की 8 करोड़ जनता अधिकारियों से निष्पक्षता की अपेक्षा करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो अधिकारी राजनीति करेंगे उनके सितारे गर्दिश में जरूर जाएंगे।

आरएसएस के एक कार्यक्रम में कलेक्टर और नगर निगमायुक्त

दिग्विजय सिंह ने भी किया ट्वीट

वहीं पूर्व सीएम और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने भी इस पर एतराज जताया है। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर लिखा है कि बीजेपी ने संवैधानिक व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। सतना के कलेक्टर और निगमायुक्त संघ के कार्यक्रम में शामिल होने पर कार्रवाई की जाए। मुख्य सचिव महोदय आप से तो हमें कोई उम्मीद नहीं है। फिर भी हम देखते हैं कि सीएस कितने निष्पक्ष हैं।

Exit mobile version